बिल्लियों से फैल रहा खतरनाक फंगल इंफेक्शन, सामने आया चौंकाने वाला मामला!
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 04:55 PM (IST)
नारी डेस्क: आजकल पालतू जानवर रखने का चलन तेजी से बढ़ रहा है और बिल्लियां लोगों की पहली पसंद बनती जा रही हैं। उनकी प्यारी हरकतें और शांत स्वभाव उन्हें परिवार का हिस्सा बना देते हैं। लेकिन कई बार अनजाने में ये प्यारे जानवर सेहत के लिए खतरा भी बन सकते हैं। हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें बिल्लियों के संपर्क से फैलने वाला एक खतरनाक फंगल इंफेक्शन चर्चा में है।
कहां सामने आया यह मामला
दक्षिण अमेरिका के उरुग्वे और आसपास के इलाकों में इस तरह के स्किन इंफेक्शन के कई मामले सामने आए हैं। जांच में पता चला कि इसका कारण Sporothrix brasiliensis नाम का फंगस है। पहले यह फंगस सिर्फ ब्राजील तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब यह दूसरे देशों में भी फैलने लगा है। हेल्थ एक्सपर्ट्स इसे एक उभरता हुआ खतरा मान रहे हैं, जिस पर समय रहते ध्यान देना जरूरी है।

बिल्लियों से कैसे फैलता है संक्रमण
यह फंगल इंफेक्शन मुख्य रूप से संक्रमित बिल्लियों के घावों से फैलता है। खासकर उनके चेहरे, नाक और पंजों के आसपास बने घावों में यह फंगस मौजूद होता है। अगर ऐसी बिल्ली किसी इंसान को खरोंच देती है या काट लेती है, तो यह फंगस त्वचा के अंदर पहुंच सकता है और संक्रमण पैदा कर सकता है। सड़क पर रहने वाली बिल्लियों में इसका खतरा ज्यादा होता है, क्योंकि वे कई अन्य संक्रमित जानवरों के संपर्क में आती हैं। इसलिए बिना सावधानी के उनके साथ खेलना या छूना जोखिम भरा हो सकता है।
इंसानों में कैसे दिखते हैं लक्षण
इस बीमारी की शुरुआत अक्सर बहुत साधारण तरीके से होती है, जिससे लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं। शुरुआत में त्वचा पर एक छोटा लाल दाना दिखाई देता है, जो धीरे-धीरे घाव में बदल सकता है। कई बार ये दाने एक लाइन में फैलते नजर आते हैं। अगर समय पर इलाज न किया जाए, तो यह संक्रमण बढ़ सकता है और शरीर के अन्य हिस्सों को भी प्रभावित कर सकता है।
ये भी पढ़ें: शूटिंग के दौरान हादसे में गई राहुल मशहूर अभिनेता की जान,पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
बिल्लियों में दिखने वाले संकेत
संक्रमित बिल्लियों के शरीर पर घाव जल्दी ठीक नहीं होते और वहां के बाल झड़ने लगते हैं। अगर आपकी पालतू बिल्ली में ऐसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करना जरूरी है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

किसे ज्यादा खतरा है
यह संक्रमण खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक हो सकता है। इन लोगों में संक्रमण तेजी से फैल सकता है, इसलिए उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
बचाव के लिए क्या करें
बिल्लियों के साथ खेलते समय सावधानी रखना बहुत जरूरी है। अगर कोई बिल्ली बीमार या घायल दिखे, तो उससे दूरी बनाकर रखें।अगर किसी बिल्ली ने खरोंच दिया है या काट लिया है, तो तुरंत घाव को साफ करें और डॉक्टर से संपर्क करें। साथ ही, पालतू जानवरों की नियमित जांच और साफ-सफाई का ध्यान रखना भी जरूरी है। बिल्लियां भले ही प्यारी और मासूम लगती हों, लेकिन उनके जरिए फैलने वाले कुछ संक्रमण खतरनाक साबित हो सकते हैं। सही जानकारी और सावधानी अपनाकर इस तरह के फंगल इंफेक्शन से बचा जा सकता है।

