री-इवैल्यूएशन में नंबर बढ़े तो क्या CBSE लौटाएगा फीस? बोर्ड ने खुद दिया जवाब
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 05:54 PM (IST)
नारी डेस्क : Central Board of Secondary Education के 12वीं बोर्ड रिजल्ट के बाद इस बार सबसे ज्यादा चर्चा री-इवैल्यूएशन और OSM (On Screen Marking) सिस्टम को लेकर हो रही है। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्हें उम्मीद से कम नंबर मिले हैं। खासकर मैथ्स, फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में कम अंक आने को लेकर छात्रों और Parents ने सवाल उठाए। इसी बीच CBSE ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी बात साफ की और छात्रों को बड़ी राहत भी दी।
नंबर बढ़े तो वापस होगी पूरी फीस
CBSE ने साफ किया है कि अगर किसी छात्र के री-इवैल्यूएशन के बाद नंबर बढ़ जाते हैं, तो बोर्ड उसकी जमा की गई पूरी फीस वापस करेगा। बोर्ड के इस फैसले को छात्रों के हित में बड़ा कदम माना जा रहा है। इतना ही नहीं, इस बार बोर्ड ने री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया की फीस भी काफी कम कर दी है ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र बिना आर्थिक बोझ के अपनी कॉपियां दोबारा जांच के लिए भेज सकें।

नई फीस क्या है?
आंसर शीट देखने की फीस: ₹100
प्रति प्रश्न री-इवैल्यूएशन फीस: ₹25
पहले केवल स्कैन की गई आंसर शीट देखने के लिए छात्रों को ₹700 तक देने पड़ते थे।
OSM सिस्टम पर क्यों उठा विवाद?
इस साल CBSE ने Answer Sheet की जांच के लिए OSM यानी On Screen Marking सिस्टम का इस्तेमाल किया। इस प्रक्रिया में छात्रों की कॉपियों को स्कैन करके डिजिटल तरीके से चेक किया गया। रिजल्ट जारी होने के बाद कई छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें उम्मीद से काफी कम अंक मिले हैं। कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि जहां उनके JEE Main में अच्छे नंबर आए, वहीं बोर्ड परीक्षा में अंक कम मिले। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस बढ़ने लगी, जिसके बाद CBSE को सामने आकर सफाई देनी पड़ी।
यें भी पढ़ें : प्रेग्नेंसी में Asthma होने पर बरतें ये सावधानियां, नहीं तो समय से पहले हो सकती है डिलीवरी
CBSE ने दी सफाई
बोर्ड ने कहा कि OSM कोई नया सिस्टम नहीं है और इसका इस्तेमाल पहले भी किया जा चुका है। इस बार करीब 98 लाख आंसर शीट स्कैन की गईं। जिन कॉपियों में स्कैनिंग से जुड़ी तकनीकी समस्या आई, उन्हें मैन्युअली जांचा गया। शिक्षा सचिव संजय कुमार ने कहा: बोर्ड नहीं चाहता कि किसी भी छात्र को यह महसूस हो कि उसकी मेहनत का सही मूल्यांकन (Evaluation) नहीं हुआ।

कैसे करें री-चेकिंग के लिए आवेदन?
अगर किसी छात्र को लगता है कि उसके नंबर उम्मीद से कम आए हैं, तो वह CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
आवेदन प्रक्रिया: सबसे पहले नंबर वेरिफिकेशन के लिए आवेदन करें। इसके बाद स्कैन की गई आंसर शीट देखें। किसी प्रश्न में गलती लगे तो री-इवैल्यूएशन के लिए अप्लाई करें। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और फीस भी ऑनलाइन जमा करनी होगी।
छात्रों को क्या सलाह दी गई?
CBSE ने छात्रों को सलाह दी है कि वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार नजर बनाए रखें, क्योंकि हर प्रक्रिया की तारीख अलग-अलग जारी की जाती है। समय पर आवेदन करना बेहद जरूरी है।

