2 हफ्ते से ज्यादा रहने वाले छाले हो सकते हैं खतरनाक, जानिए कारण

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 01:16 PM (IST)

नारी डेस्क : मुंह में छाले होना एक आम समस्या है। लगभग हर व्यक्ति को जीवन में कभी न कभी मुंह में छोटे छाले जरूर होते हैं, जो अक्सर कुछ ही दिनों में अपने आप ठीक हो जाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार यही छोटे-से दिखने वाले छाले मुंह के कैंसर की शुरुआती चेतावनी भी हो सकते हैं? एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर मुंह के छालों को लंबे समय तक नजरअंदाज किया जाए, तो यह गंभीर बीमारी का रूप ले सकते हैं। अधिकतर लोग इन छालों को मामूली समझकर घरेलू उपायों से ठीक करने की कोशिश करते हैं, लेकिन जब ये छाले जल्दी ठीक न हों या बार-बार होने लगें, तो सतर्क हो जाना जरूरी है।

एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं?

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मुंह में कोई छाला 2 हफ्तों से अधिक समय तक बना रहे, उसका आकार बढ़ने लगे या उसमें दर्द, खून या जलन महसूस हो, तो यह ओरल कैंसर या प्री-कैंसर स्टेज का संकेत हो सकता है। मुंह के कैंसर में समय पर पहचान सबसे अहम होती है। शुरुआती अवस्था में बीमारी का पता चल जाए, तो सही इलाज से इसे काफी हद तक नियंत्रित या पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

PunjabKesari

मुंह का कैंसर किन हिस्सों में हो सकता है?

मुंह का कैंसर केवल जीभ तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह कई हिस्सों को प्रभावित कर सकता है।
जैसे होंठ
जीभ
मसूड़े
गाल के अंदरूनी हिस्से
तालू
गले का पिछला भाग
भारत में यह कैंसर खासतौर पर तंबाकू, गुटखा, पान मसाला, बीड़ी, सिगरेट और शराब का सेवन करने वालों में अधिक देखा जाता है।

यें भी पढ़ें : क्या इंटरकोर्स के तुरंत बाद युरिन पास करने से Pregnancy के चांस कम हो जाते हैं?

 

मुंह में दिखने वाले खतरनाक संकेत

एक्सपर्ट्स के अनुसार, ये लक्षण नजर आएं तो सतर्क हो जाना चाहिए।

सफेद पैच (Leukoplakia): मुंह के अंदर सफेद धब्बे, जो रगड़ने पर भी न हटें और खुरदरे या मोटे महसूस हों। इसे प्री-कैंसर स्थिति माना जाता है।
लाल पैच (Erythroplakia): मुंह के अंदर लाल रंग के धब्बे, जिनमें कभी-कभी खून भी आ सकता है।
सफेद और लाल मिश्रित धब्बे: कुछ मामलों में मुंह के अंदर सफेद और लाल दोनों रंग के पैच दिखाई देते हैं।
गांठ या सूजन: जीभ, गाल या जबड़े में सख्त गांठ या सूजन महसूस होना।

PunjabKesari

अन्य चेतावनी संकेत

मुंह खोलने में परेशानी
निगलने में दिक्कत
कान में लगातार दर्द
आवाज में बदलाव
मुंह से बदबू
दांतों का अचानक ढीला होना।

यें भी पढ़ें : डायबिटीज वालों के लिए चमत्कारी पत्ता, जितना खाओ उतना कंट्रोल में रहेगी शुगर

 

मुंह के कैंसर के मुख्य लक्षण

बिना दर्द की गांठ या सूजन
लंबे समय तक न भरने वाला घाव या अल्सर
लार में खून आना
बोलने या निगलने में परेशानी
अचानक वजन घटना
लगातार थकान महसूस होना।

PunjabKesari

कब डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है?

यह समझना जरूरी है कि ज्यादातर मुंह के छाले कैंसर नहीं होते। 
वे अक्सर तनाव
विटामिन की कमी
दांत या मसूड़ों की चोट
संक्रमण
के कारण होते हैं और आमतौर पर 1–2 हफ्तों में ठीक हो जाते हैं।

यें भी पढ़ें : सिर्फ 1-2 दिन में ही Periods हो जाते खत्म तो Expert ने बताया इसे सबसे खराब

 

लेकिन अगर
छाले 2 हफ्तों से ज्यादा बने रहें
उनका आकार बढ़ता जाए
दर्द, खून या गांठ महसूस हो
ऊपर बताए गए लक्षण दिखें
तो तुरंत डेंटिस्ट या कैंसर विशेषज्ञ से जांच कराना बेहद जरूरी है।

मुंह के छोटे छालों को हल्के में लेना आपकी सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। समय पर पहचान, सही जांच और सतर्कता ही मुंह के कैंसर से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। अगर कोई भी लक्षण लंबे समय तक बना रहे, तो देरी न करें और तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static