Yogurt और Curd में क्या होता है अंतर? जानिए किसका सेवन ज्यादा फायदेमंद
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 12:13 PM (IST)
नारी डेस्क: दही (Curd) और योगर्ट (Yogurt) दोनों ही दूध से बनने वाले फर्मेंटेड फूड हैं, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। खासकर ये हमारे पेट की सेहत (Gut Health) को सुधारने में मदद करते हैं। इनमें मौजूद प्रोबायोटिक्स यानी अच्छे बैक्टीरिया पाचन को बेहतर बनाते हैं, पोषक तत्वों के अवशोषण को बढ़ाते हैं और इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं। ज्यादातर घरों में दही का ही इस्तेमाल किया जाता है। गर्मियों के मौसम में दही का इस्तेमाल लस्सी और अन्य व्यंजनों में भी किया जाता है। बहुत से लोगों को लगता है कि दही और योगर्ट एक ही है, अगर आपको को भी ऐसा लगता है तो आज हम आपका ये कन्फ्यूजन दूर कर देगे। चलिए जानते है दोनों के बीच क्या अंतर है...
दही और योगर्ट में क्या है अंतर?
दही और योगर्ट दोनों को दूध से ही बनाया जाता है। लेकिन दोनों को बनाने का तरीका अलग होता है। दही भारत में पारंपरिक तरीके से बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए दूध में थोड़ा सा पुराना दही मिलाकर गर्म जगह पर 6-8 घंटे के लिए रखा जाता है। इसका स्वाद हल्का खट्टा और टेक्सचर गाढ़ा व क्रीमी होता है। वहीं योगर्ट खास तरह के बैक्टीरिया (स्टार्टर कल्चर) से तैयार किया जाता है। इसका टेक्सचर स्मूद और स्वाद हल्का होता है, जो ब्रांड और फ्लेवर के हिसाब से बदल सकता है।
बैक्टीरिया स्ट्रेन में सबसे बड़ा फर्क
दही और योगर्ट के बीच सबसे बड़ा अंतर इनके बैक्टीरिया में होता है। योगर्ट में खास तरह के बैक्टीरिया जैसे Lactobacillus bulgaricus और Streptococcus thermophilus इस्तेमाल किए जाते हैं। दही में प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले Lactobacillus बैक्टीरिया होते हैं, जो हर घर में अलग-अलग हो सकते हैं। यही कारण है कि दही में बैक्टीरिया की वैरायटी ज्यादा हो सकती है, जबकि योगर्ट में बैक्टीरिया की मात्रा और गुणवत्ता एक जैसी (स्टैंडर्ड) रहती है। बता दें कि दही और योगर्ट दोनों में प्रोटीन, कैल्शियम और प्रोबायोटिक्स की भरपूर मात्रा होती है। फर्मेंटेशन की अलग प्रक्रिया की वजह से इनके न्यूट्रिशंस में थोड़ा अंतर होता है।
बनाने के तरीके में अंतर
दही: घर में आसानी से बन जाता है, बस दूध और थोड़ा पुराना दही चाहिए। दूध को गर्म करके उसमें पुराना दही मिला दे और फिर गर्म जगह पर 6-8 घंटे के लिए रखा जाता है। इस तरह दही बनकर तैयार हो जाता है।
योगर्ट: इसे खास तापमान और नियंत्रित वातावरण में तैयार किया जाता है, जिससे बैक्टीरिया सही तरीके से बढ़ें। योगर्ट बैक्टीरिया स्ट्रेन लैक्टोबैसिलस बुल्गारिकस और स्ट्रेप्टोकोकस थर्मोफिलस के जरिए फर्मेंट किया जाता है। इसकी वजह से दूध मलाईदार बन जाता है और इसका स्वाद भी काफी बेहतर हो जाता है। योगर्ट कई फ्लेवर में तैयार किया जा सकता है।
किसका सेवन ज्यादा फायदेमंद?
दही और योगर्ट दोनों दूध से बनाए जाते हैं और सेहत को तमाम लाभ प्रदान करते हैं। दही और योगर्ट में भरपूर मात्रा में प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो हमारी आंतों को हेल्दी रखने में मदद करते हैं। योगर्ट, खासकर ग्रीक योगर्ट में प्रोटीन ज्यादा होता है। दही रोजाना खाने के लिए अच्छा है क्योंकि इसमें अलग-अलग तरह के अच्छे बैक्टीरिया होते हैं। योगर्ट पचाना आसान होता है क्योंकि इसके बैक्टीरिया दूध की शुगर (लैक्टोज) को बेहतर तरीके से तोड़ते हैं। दही और योगर्ट दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद हैं। आप अपनी जरूरत, स्वाद और सुविधा के अनुसार इनमें से किसी को भी अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

