कर्क राशि में बुध का प्रवेश बनाएगा खास त्रिग्रह योग, इन 5 राशियों को मिलेगा करियर और धन लाभ

punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 03:34 PM (IST)

नारी डेस्क:  वैदिक ज्योतिष में बुध ग्रह को बुद्धि, वाणी, व्यापार, संचार और तर्क क्षमता का कारक माना जाता है। ऐसे में जब बुध राशि परिवर्तन करते हैं तो इसका प्रभाव न केवल व्यक्तिगत जीवन पर बल्कि व्यापार, अर्थव्यवस्था और सामाजिक गतिविधियों पर भी देखने को मिलता है। जून 2026 में बुध का कर्क राशि में होने वाला गोचर कई राशियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी माना जा रहा है। 22 जून को बुध कर्क राशि में प्रवेश करेंगे, जहां पहले से ही गुरु और शुक्र विराजमान हैं। इन तीनों ग्रहों की युति से एक शक्तिशाली त्रिग्रह योग का निर्माण होगा। यह योग 7 जुलाई तक प्रभावी रहेगा और इस दौरान कई राशियों को करियर, व्यापार और आर्थिक मामलों में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।

कब होगा बुध का गोचर

ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, बुध ग्रह 22 जून 2026 को कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। इसके बाद 29 जून को इसी राशि में वक्री अवस्था में आ जाएंगे और 7 जुलाई को पुनः मिथुन राशि में लौटेंगे। इस अवधि के दौरान कर्क राशि में गुरु, शुक्र और बुध की उपस्थिति एक विशेष ग्रह योग का निर्माण करेगी, जिसे कई मामलों में शुभ माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इसका प्रभाव व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों पर भी देखने को मिलेगा।

PunjabKesari

देश-दुनिया पर क्या होगा प्रभाव?

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, बुध के इस गोचर से व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। संचार, तकनीक, शिक्षा और कारोबार से जुड़े क्षेत्रों में नई संभावनाएं पैदा हो सकती हैं। बाजार की बात करें तो रुई, सूत, कपास, अलसी, मोती, गेहूं, चावल, चना, जौ और चांदी जैसी वस्तुओं में तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं सोने के बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, जहां पहले तेजी और बाद में कुछ नरमी आने के संकेत बताए जा रहे हैं।

मिथुन राशि वालों को मिलेगा आर्थिक लाभ

मिथुन राशि के जातकों के लिए बुध का यह गोचर दूसरे भाव में होगा, जो धन और वाणी का भाव माना जाता है। इस दौरान आपकी बुद्धिमत्ता और निर्णय क्षमता आपको कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ाने में मदद कर सकती है। आर्थिक मामलों में सकारात्मक परिणाम मिलने के संकेत हैं। आय के नए स्रोत बन सकते हैं और परिवार में भी सुखद वातावरण बना रहेगा। घर-परिवार के सदस्यों के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ सकती है।

कर्क राशि के लिए बनेगा विशेष योग

कर्क राशि के जातकों के लिए यह गोचर सबसे खास माना जा रहा है क्योंकि बुध उनकी ही राशि में प्रवेश करेंगे। गुरु, शुक्र और बुध की युति लग्न भाव में बनने से आत्मविश्वास और व्यक्तित्व में निखार देखने को मिल सकता है। कार्यस्थल पर आपकी वाणी और बुद्धि का प्रभाव बढ़ेगा। नौकरी और व्यवसाय दोनों क्षेत्रों में नए अवसर मिलने की संभावना है। साथ ही समाज में सम्मान और प्रतिष्ठा भी बढ़ सकती है।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:   आखिर क्यों पहनती हैं अनुष्का शर्मा तुलसी की कंठी? जानिए इसके धारण करने के नियम

कन्या राशि की अधूरी इच्छाएं हो सकती हैं पूरी

कन्या राशि के लिए बुध का गोचर लाभ भाव यानी एकादश भाव में होगा। यह स्थिति आय वृद्धि और इच्छाओं की पूर्ति से जुड़ी मानी जाती है। इस दौरान आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है और लंबे समय से रुके हुए कार्य पूरे होने की संभावना है। व्यापार से जुड़े लोगों को अच्छा लाभ मिल सकता है। सामाजिक संपर्कों से भी फायदा मिलने के योग बन रहे हैं।

तुला राशि को मिलेगा करियर में लाभ

तुला राशि के जातकों के लिए बुध का गोचर दशम भाव में होगा, जो करियर और कार्यक्षेत्र का भाव माना जाता है। इस दौरान नौकरी और व्यवसाय दोनों क्षेत्रों में प्रगति के अवसर मिल सकते हैं। कार्यस्थल का माहौल अनुकूल रहेगा और आपकी मेहनत को पहचान मिल सकती है। पिता या वरिष्ठ लोगों का सहयोग भी आपके लिए लाभदायक साबित हो सकता है।

मकर राशि वालों को पार्टनरशिप से होगा फायदा

मकर राशि के लिए बुध का यह गोचर सप्तम भाव में होगा। यह भाव साझेदारी, विवाह और व्यावसायिक संबंधों का प्रतिनिधित्व करता है। जो लोग पार्टनरशिप में व्यापार कर रहे हैं, उन्हें अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। वैवाहिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। जीवनसाथी के साथ संबंध मजबूत होंगे और ससुराल पक्ष से भी सहयोग मिलने की संभावना है।

PunjabKesari

तकनीक और आधुनिक क्षेत्रों से जुड़ों को मिलेगा लाभ

बुध ग्रह का संबंध संचार, तकनीक, शिक्षा और डिजिटल क्षेत्र से माना जाता है। ऐसे में इस गोचर का सकारात्मक प्रभाव उन लोगों पर भी पड़ सकता है जो आईटी, मीडिया, मार्केटिंग, लेखन, शिक्षा और व्यापार से जुड़े हुए हैं। नई योजनाओं पर काम शुरू करने और कौशल विकास के लिए भी यह समय अनुकूल माना जा रहा है।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static