Bird Flu को लेकर अलर्ट, 20 मई तक बंद किए गए चिड़ियाघर और इटावा लायन सफारी

punjabkesari.in Wednesday, May 14, 2025 - 01:23 PM (IST)

नारी डेस्क: गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान में एक बाघिन की बर्ड फ्लू से मौत हो गई जिसके बाद उत्तर प्रदेश के अन्य प्रमुख वन्यजीव स्थलों पर भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर लखनऊ, कानपुर के चिड़ियाघर और इटावा लायन सफारी को तत्काल प्रभाव से 20 मई तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। इस कदम का उद्देश्य वन्यजीवों और पशुओं को संक्रमण से बचाना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उठाए कड़े कदम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश के सभी प्राणी उद्यानों, पक्षी विहारों, राष्ट्रीय पार्कों, वेटलैंड क्षेत्रों और गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित पशु-पक्षियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में बर्ड फ्लू के फैलने के खतरे को देखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री की हाई लेवल मीटिंग में दिए गए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइनों का पालन पूरी तरह से किया जाए। इसके अलावा उन्होंने प्राणी उद्यानों के परिसरों को नियमित रूप से सैनिटाइज करने और ब्लो टॉर्चिंग की प्रक्रिया अपनाने पर भी जोर दिया। साथ ही, कर्मचारियों को पीपीई किट और अन्य सुरक्षा उपकरण प्रदान करने के भी आदेश दिए गए हैं।

PunjabKesari

विशेषज्ञ संस्थानों से तत्काल सुझाव

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र, स्वास्थ्य मंत्रालय, मत्स्य पालन एवं डेयरी विभाग और भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान जैसे विशेषज्ञ संस्थानों से तत्काल सुझाव लेने के निर्देश भी दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य बर्ड फ्लू के संक्रमण से बचाव के लिए सबसे प्रभावी कदम उठाना है।

ये भी पढ़े: बेटा घर लौट आया..' 20 दिन बाद पाकिस्तान की कैद से छूटा BSF जवान पूर्णम, मां की आंखों में छलके खुशी के आंसू

चिकन कारोबारियों में बढ़ी चिंता

लखनऊ में बर्ड फ्लू के खतरे के चलते अंडा और चिकन कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। राजधानी में रोजाना करीब 2.50 लाख अंडे की खपत होती है। कुक्कुट विकास समिति के अध्यक्ष वीपी सिंह ने बताया कि दो महीने पहले तेलंगाना में बर्ड फ्लू का प्रकोप देखा गया था। लखनऊ मंडल में लगभग 45 पोल्ट्री फार्म हैं, जहां रोजाना करीब 4.75 लाख अंडों का उत्पादन होता है। बर्ड फ्लू का खतरा इन कारोबारियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता है।

PunjabKesari

लखनऊ चिड़ियाघर में सघन निगरानी

लखनऊ चिड़ियाघर में वर्तमान में 998 वन्य जीव, 67 प्रजातियों की 700 मछलियां और 74 तरह की तितलियां मौजूद हैं। मुख्य वन संरक्षक ने तत्काल चिड़ियाघर बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही, चिकित्सकों की एक विशेष टीम चिड़ियाघर में सभी वन्य जीवों की गहन निगरानी कर रही है ताकि किसी भी संभावित संक्रमण को तुरंत पहचाना जा सके और उसे फैलने से रोका जा सके।

मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों से उम्मीद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों और उठाए जा रहे कदमों से उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश के अन्य वन्यजीव स्थलों को बर्ड फ्लू के खतरे से बचाया जा सकेगा। स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में लाया जा सकेगा। फिलहाल, पर्यटकों को 20 मई तक इन वन्यजीव स्थलों पर जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

PRARTHNA SHARMA

Related News

static