FDA अलर्ट: Amazon पर बिक रहे 29 सप्लीमेंट्स में मिला जहर, तुरंत इस्तेमाल करना बंद करें
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 02:59 PM (IST)
नारी डेस्क: अमेरिकी फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने हाल ही में 29 तरह के सप्लीमेंट्स को लेकर चेतावनी जारी की है। ये सप्लीमेंट्स खुद को तेजोकोटे रूट या ब्राजील सीड बताकर बेचे जा रहे थे, जो आमतौर पर वजन घटाने और एंटीऑक्सीडेंट के लिए इस्तेमाल होते हैं। जांच में सामने आया कि इनमें असल में येलो ओलियंडर (Yellow Oleander) नाम का जहरीला पौधा मौजूद था। यह पौधा मेक्सिको और सेंट्रल अमेरिका में पाया जाता है और स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है।
येलो ओलियंडर से क्या खतरा है?
FDA के अनुसार, येलो ओलियंडर के सेवन से शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसके संभावित जोखिम इस प्रकार हैं दिल और हृदय से जुड़ी समस्याएं, कभी-कभी कार्डियक अरेस्ट तक। पेट दर्द, उलझन और डाइजेशन से जुड़ी परेशानियां।
गंभीर मामलों में यह जानलेवा भी हो सकता है। ये सप्लीमेंट्स Amazon, eBay और Etsy जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर आसानी से उपलब्ध थे। FDA ने सभी उपयोगकर्ताओं को चेतावनी दी है कि अगर आप इन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो तुरंत बंद करें और इन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट करें।

कंपनियों की प्रतिक्रिया
कुछ कंपनियों ने प्रोडक्ट रिकॉल (वापस मंगवाने) की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि कई कंपनियों से संपर्क नहीं हो पाया या उन्होंने रिकॉल से इनकार किया है। FDA ने कहा है कि अगर कोई व्यक्ति पहले से इन सप्लीमेंट्स का सेवन कर चुका है, तो चाहे कोई लक्षण न दिखे, तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। अगर गंभीर साइड इफेक्ट्स महसूस हों, तो इमरजेंसी मेडिकल मदद लेना जरूरी है।
ये भी पढ़ें: व्रत के बाद गैस और एसिडिटी से परेशान? अपनाएं ये 4 आसान नियम
येलो ओलियंडर का इस्तेमाल क्यों किया जाता है?
येलो ओलियंडर में ऐसे जहरीले तत्व होते हैं जो भूख कम करते हैं और उल्टी-दस्त जैसे लक्षण पैदा करते हैं, जिससे वजन तेजी से घटता दिखता है। यही वजह है कि कुछ कंपनियां इसे सप्लीमेंट्स में इस्तेमाल करती हैं। लेकिन यह तरीका बेहद खतरनाक है और गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है। इसे पहचानना भी आसान नहीं है, क्योंकि इसके बीज दिखने में नेचुरल प्रोडक्ट्स जैसे कैंडलनट से मिलते-जुलते हैं।

FDA की सलाह
इन 29 सप्लीमेंट्स का तुरंत इस्तेमाल बंद करें। अगर आपने इन्हें इस्तेमाल किया है, तो डॉक्टर से संपर्क करें, भले ही अभी कोई लक्षण न दिख रहे हों। किसी भी गंभीर लक्षण के मामले में तुरंत इमरजेंसी मेडिकल सहायता लें। बाजार में कई सप्लीमेंट्स बिना उचित जांच और प्रमाणीकरण के बिक रहे हैं। हमेशा प्रोडक्ट की सामग्री जांचें और FDA या स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा अनुमोदित सप्लीमेंट्स का ही इस्तेमाल करें।

