पीरियड्स शुरू होने के कितने दिन बाद प्रेग्नेंसी के सबसे ज्यादा चांस होते हैं
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 01:35 PM (IST)
नारी डेस्क: अगर आप और आपका पार्टनर प्रेग्नेंसी प्लान कर रहे हैं, तो सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि महिला का मेंस्ट्रुअल साइकिल कैसे काम करता है। आमतौर पर यह 28 दिनों का होता है, लेकिन यह 21 से 35 दिनों के बीच भी हो सकता है। हर साइकिल चार मुख्य चरणों में बंटी होती है, और इसी आधार पर यह तय होता है कि प्रेग्नेंसी के चांसेस कब सबसे ज्यादा होते हैं।
पीरियड्स को समझना सबसे जरूरी
पीरियड्स (Menstrual Phase): साइकिल की शुरुआत पीरियड्स से होती है, जो लगभग 4-5 दिन तक चलते हैं। इस दौरान शरीर में हार्मोन का स्तर कम रहता है।
फॉलिक्युलर फेज (Follicular Phase): इसके बाद फॉलिक्युलर फेज आता है। इस समय ओवरी में एग्स विकसित होने लगते हैं और एस्ट्रोजन हार्मोन बढ़ता है। गर्भाशय की परत मोटी होने लगती है।
ओव्यूलेशन (Ovulation Phase): साइकिल का सबसे अहम समय ओव्यूलेशन होता है। 28 दिन के साइकिल में यह आमतौर पर 14वें दिन के आसपास होता है। इस समय ओवरी से एक मैच्योर एग रिलीज होता है, जो केवल 12-24 घंटे तक जीवित रहता है।

ल्यूटल फेज (Luteal Phase): इसके बाद ल्यूटल फेज आता है, जिसमें प्रोजेस्टेरोन हार्मोन बढ़ता है। यह शरीर को प्रेग्नेंसी के लिए तैयार करता है। अगर फर्टिलाइजेशन नहीं होता, तो हार्मोन गिरने लगते हैं और फिर से पीरियड्स शुरू हो जाते हैं।
ये भी पढ़ें: बर्थ कंट्रोल पिल्स से सच में होता है कैंसर का खतरा? जानें एक्सपर्ट की राय
सबसे ज्यादा चांस कब होते हैं?
ओव्यूलेशन के दिन और उससे पहले के कुछ दिन ही फर्टाइल विंडो कहलाते हैं। इसका कारण यह है कि स्पर्म महिला के शरीर में 5 दिन तक जीवित रह सकते हैं। अगर आपका साइकिल 28 दिन का है, तो आमतौर पर 9वें दिन से 14वें दिन के बीच प्रेग्नेंसी के चांस सबसे ज्यादा होते हैं। हर महिला का साइकिल अलग होता है, इसलिए अपने शरीर के पैटर्न को समझना जरूरी है।
शरीर भी देता है संकेत
सिर्फ कैलेंडर पर भरोसा करना काफी नहीं। शरीर भी संकेत देता है कि ओव्यूलेशन का समय नजदीक है
सर्वाइकल म्यूकस में बदलाव: ज्यादा चिकना, पारदर्शी और खिंचाव वाला, अंडे की सफेदी जैसा।
मिडलशमर्ज (Mittelschmerz): कुछ महिलाओं को निचले पेट में हल्का दर्द।

बेसल बॉडी टेम्परेचर (BBT): ओव्यूलेशन के बाद हल्की बढ़ोतरी।
सेक्स ड्राइव में वृद्धि: यह भी शरीर का प्राकृतिक संकेत होता है।
प्रेग्नेंसी के लिए सबसे सही समय है ओव्यूलेशन के दिन और उससे 5-6 दिन पहले। अपने साइकिल के पैटर्न को समझें और शरीर के संकेतों पर ध्यान दें, ताकि न्यू कपल्स अपने प्रेग्नेंसी प्लान को सफल बना सकें।

