प्रेग्नेंसी प्लानिंग सिर्फ महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी करें खुद को तैयार, ये 8 तरीके आएंगे काम
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 03:23 PM (IST)
नारी डेस्क: हमारे समाज में अक्सर प्रेग्नेंसी की तैयारी को केवल महिलाओं तक सीमित मान लिया जाता है, लेकिन सच्चाई इससे अलग है। एक स्वस्थ गर्भधारण के लिए पुरुष और महिला दोनों की बराबर भूमिका होती है। पिता की शारीरिक और मानसिक सेहत न सिर्फ फर्टिलिटी को प्रभावित करती है, बल्कि होने वाले बच्चे के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ता है।
क्यों जरूरी है पुरुषों की तैयारी?
स्पर्म काउंट की संख्या और उनकी गति ये सभी चीजें गर्भधारण में अहम भूमिका निभाती हैं। खराब लाइफस्टाइल, तनाव या स्वास्थ्य समस्याएं इन पर नकारात्मक असर डाल सकती हैं। ऐसे में अगर पुरुष पहले से अपनी सेहत पर ध्यान दें, तो गर्भधारण की संभावना बेहतर हो सकती है और एक स्वस्थ प्रेग्नेंसी का रास्ता आसान बनता है।

मानसिक रूप से तैयार होना है पहला कदम
पिता बनना जीवन का बड़ा बदलाव होता है। इसलिए जरूरी है कि पुरुष खुद को इस जिम्मेदारी के लिए मानसिक रूप से तैयार करें। जब व्यक्ति इमोशनली तैयार होता है, तो वह अपनी पार्टनर को बेहतर सहयोग दे पाता है और पूरे सफर को सकारात्मक बना सकता है।
तनाव से दूरी बनाएं
लगातार तनाव शरीर के हार्मोन, खासकर टेस्टोस्टेरोन, को प्रभावित करता है। इससे शुक्राणुओं की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। योग, ध्यान या हल्की एक्सरसाइज को रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करके तनाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अच्छी डाइट फर्टिलिटी को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती है। एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन C, D, E, जिंक और फोलिक एसिड से भरपूर भोजन को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। ताजे फल, हरी सब्जियां, मेवे और साबुत अनाज न सिर्फ शरीर को ताकत देते हैं, बल्कि प्रजनन क्षमता को भी बढ़ाते हैं।

ये भी पढ़ें: Periods के दौरान जाग- जाग कर काटती हैं रातें? इन टिप्स से आएगी सुकून की नींद
सही वजन बनाए रखें
बहुत ज्यादा या बहुत कम वजन हार्मोनल बैलेंस को बिगाड़ सकता है। इसलिए स्वस्थ वजन बनाए रखना जरूरी है। इससे शरीर संतुलित रहता है और फर्टिलिटी पर सकारात्मक असर पड़ता है। रोजाना हल्की-फुल्की एक्सरसाइज से शरीर फिट रहता है और टेस्टोस्टेरोन का स्तर भी बेहतर होता है। हालांकि बहुत ज्यादा या बहुत भारी वर्कआउट से बचना चाहिए, क्योंकि इसका उल्टा असर भी पड़ सकता है।

स्मोकिंग और अल्कोहल से दूरी बनाएं
स्मोकिंग शुक्राणुओं के डीएनए को नुकसान पहुंचा सकती है और उनकी संख्या को कम कर सकती है। वहीं, अधिक शराब पीने से हार्मोन प्रभावित होते हैं। इसलिए प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले इन आदतों को छोड़ना बेहद जरूरी है। नींद की कमी हार्मोनल असंतुलन का कारण बन सकती है। इससे टेस्टोस्टेरोन का स्तर कम हो सकता है और फर्टिलिटी प्रभावित होती है। रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद लेना बेहद जरूरी है।
समय पर हेल्थ चेकअप करवाएं
प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले जरूरी मेडिकल जांच कराना भी अहम है। डायबिटीज, थायरॉइड या किसी इंफेक्शन जैसी समस्याएं फर्टिलिटी पर असर डाल सकती हैं। समय पर जांच और इलाज से इनका प्रभाव कम किया जा सकता है। जब कपल मिलकर प्रेग्नेंसी की तैयारी करते हैं, तो इससे न सिर्फ गर्भधारण की संभावना बढ़ती है, बल्कि आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत होता है। पुरुष अगर अपनी सेहत और जिम्मेदारी को समझें, तो यह सफर दोनों के लिए आसान और सुखद बन सकता है।

