सावन के आखिरी सोमवार पर करें शिवजी के इस मंत्र का जाप, दूर होंगे संकट
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 12:29 PM (IST)
नारी डेस्क : आज सावन का आखिरी सोमवार है। भगवान शिव के भक्तों के लिए यह दिन विशेष माना जाता है। सावन के सोमवार का व्रत रखने वाले श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महादेव से मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करते हैं। मान्यता है कि सावन में सच्चे मन और श्रद्धा से भगवान शिव की आराधना करने से भक्त को उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। क्वारी कन्या मन चाहा वर मांगती है और विवाहित महिलाएं इस दिन अपने पति, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं, कई भक्त जीवन की परेशानियों से मुक्ति और मनचाहा फल पाने के लिए भगवान शिव का ध्यान करते हैं।
सावन के आखिरी सोमवार पर करें मंत्र जाप
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए उनकी पूजा के साथ मंत्र जाप करना शुभ माना जाता है। अगर आप भी किसी परेशानी से गुजर रहे हैं या मानसिक शांति और सकारात्मकता की कामना करते हैं, तो श्रद्धा के साथ इस मंत्र का जाप कर सकते हैं।
मंत्र: “काल हर, कष्ट हर, दुःख हर, दारिद्र्य हर, कंटक हर, संकट हर, रोग हर, विपत्ति हर, बाधा हर, अकाल मृत्यु हर, सुख-संपत्ति कर। नमः पार्वती पतये, हर हर महादेव।” धार्मिक मान्यता है कि भगवान शिव का नाम और मंत्र का श्रद्धापूर्वक जाप मन को शांति देता है और भक्त को सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराता है।

कैसे करें मंत्र का जाप?
सुबह स्नान आदि से निवृत्त होकर स्वच्छ कपड़े पहनें। इसके बाद भगवान शिव के सामने दीपक जलाएं और शिवलिंग पर जल अर्पित करें। इसके बाद शांत मन से भगवान शिव का ध्यान करते हुए ऊपर दिए गए मंत्र का जाप करें। आप अपनी श्रद्धा के अनुसार मंत्र का जाप कर सकते हैं। जाप के दौरान मन को शांत रखें और भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की प्रार्थना करें।
यें भी पढ़ें : सोने की कलम से लिखी होती है इस मूलांक वालों की किस्मत, धन-वैभव खुद आता है इनके पास
महादेव से मांगें सुख-शांति का आशीर्वाद
सावन के आखिरी सोमवार को भक्त अपनी मनोकामनाओं के साथ महादेव की पूजा करते हैं। धार्मिक मान्यताओं में भगवान शिव को भोलेनाथ कहा गया है और माना जाता है कि वे सच्ची श्रद्धा से की गई प्रार्थना से प्रसन्न होते हैं

