कैंसर के बावजूद तक शूटिंग करते रहे मुश्ताक खान, बेटे ने बताया- आखिरी 10 दिन रहे बेहद मुश्किल
punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 01:00 PM (IST)
नारी डेस्क: फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक खान का मुंबई में निधन हो गया। 75 साल के मुश्ताक खान पिछले एक साल से ज्यादा समय से लंग कैंसर से जूझ रहे थे। बीमारी के दौरान भी उन्होंने काम करना नहीं छोड़ा और लगातार अपने प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे। उनके बेटे और फिल्ममेकर मोहसिन खान ने बताया कि निधन से करीब 10 दिन पहले तक उनके पिता की हालत में सुधार नजर आ रहा था, लेकिन इसके बाद उनकी तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ गई। मुश्ताक खान ने अपने लंबे करियर में कई फिल्मों, टीवी शोज और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में काम किया। 'हम हैं राही प्यार के', 'गदर: एक प्रेम कथा', 'वेलकम' और 'बाला' जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग किरदारों को दर्शकों ने पसंद किया।
बीमारी के बावजूद करते रहे काम
मोहसिन खान ने बताया कि उनके पिता का पिछले काफी समय से इलाज चल रहा था। शुरुआत में इलाज का उन पर अच्छा असर भी हो रहा था और उनकी हालत में सुधार देखने को मिल रहा था। लेकिन निधन से लगभग 10 दिन पहले स्थिति अचानक बिगड़ने लगी। मोहसिन के मुताबिक, मुश्ताक ने बीमारी को अपने काम के बीच नहीं आने दिया। वह इलाज के साथ-साथ शूटिंग भी करते रहे। उनका आखिरी शूट 4 सितंबर को मुंबई के मड आइलैंड में हुआ था। मोहसिन ने बताया कि उस शूट में रजत बेदी, चंकी पांडे और राजपाल यादव भी मौजूद थे। यह शूट अभिनेता अबीर सिंह की डेब्यू फिल्म 'टार्जन' के लिए था। अबीर सिंह सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा के बेटे हैं।
आखिरी दिनों में भी काम को लेकर थे गंभीर
मोहसिन ने अपने पिता के आखिरी दिनों को याद करते हुए बताया कि मुश्ताक ने अस्पताल में रहते हुए भी हिम्मत बनाए रखी। उनके मुताबिक, पिता ने अपनी जिंदगी अच्छी तरह जी और आखिरी समय में भी उनके चेहरे पर मुस्कान थी। मोहसिन ने यह भी बताया कि बीमारी के बावजूद मुश्ताक अपने काम को लेकर काफी गंभीर रहते थे। आखिरी शूट तक उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभाई।
कई प्रोजेक्ट्स अभी रिलीज होना बाकी
मुश्ताक खान के निधन के बाद भी उनके कुछ प्रोजेक्ट्स दर्शकों के बीच आने बाकी हैं। उन्होंने तेलुगु फिल्म 'दादा' में भी काम किया था, जिसे गोपीचंद मालिनेनी ने निर्देशित किया है। यह फिल्म दिसंबर में रिलीज होने की संभावना बताई जा रही है। इसके अलावा उन्होंने अपने बेटे मोहसिन खान की एक हिंदी-मराठी फिल्म में भी अहम भूमिका निभाई थी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन मुश्ताक अपनी डबिंग पूरी नहीं कर पाए। मोहसिन ने बताया कि अब यह फिल्म उनके पिता के लिए एक श्रद्धांजलि होगी। इस फिल्म में अभिनेता प्रथमेश परब भी नजर आएंगे।
ये भी पढ़ें: Bhagyashree ने बताया क्यों महिलाएं चलती हैं टेढ़ा-मेढ़ा? इन 3 yoga से सुधरेगा वॉकिंग स्टाइल
'द व्वान' के लिए भी किया था काम
मुश्ताक खान ने 'द व्वान' के लिए भी शूटिंग की थी। हालांकि, उनके बेटे मोहसिन को अभी यह जानकारी नहीं है कि फिल्म के अंतिम संस्करण में उनके पिता का हिस्सा रखा गया है या नहीं।
बेटे के प्रोजेक्ट्स में हमेशा देते थे साथ
मोहसिन खान खुद फिल्म प्रोडक्शन और निर्देशन से जुड़े हैं। उन्होंने 'छुट्टा नहीं है', 'डिलीवरी बॉय', 'वड़ा पाव', 'सो लॉन्ग वैली' और 'डियर लॉटरी' जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम किया है। मोहसिन ने बताया कि उनके पिता ने उनके साथ बहुत ज्यादा अभिनय नहीं किया, लेकिन वह हमेशा उनके काम का हिस्सा रहे। शूटिंग से लेकर प्रमोशन तक वह बेटे का साथ देते थे। मुश्ताक और मोहसिन ने दो टेलीविजन विज्ञापनों में भी साथ काम किया था। इनमें से एक विज्ञापन में राजपाल यादव और दूसरे में परेश रावल भी नजर आए थे। इसके बाद मोहसिन की हिंदी-मराठी फिल्म में मुश्ताक ने पहली बार एक अहम भूमिका निभाई।
51 साल के करियर में 300 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स
1950 में जन्मे मुश्ताक खान ने मनोरंजन की दुनिया में करीब 51 साल तक काम किया। उन्होंने फिल्मों के साथ-साथ टीवी और ओटीटी पर भी अपनी पहचान बनाई। मोहसिन के मुताबिक, उनके पिता ने अपने करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में काम किया और 1000 से ज्यादा टीवी एपिसोड्स का हिस्सा रहे। 'हम हैं राही प्यार के', 'गदर: एक प्रेम कथा', 'वेलकम' और 'बाला' समेत कई फिल्मों में उनके किरदारों को दर्शकों ने याद रखा। उनके निधन के साथ फिल्म और टीवी जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसने पांच दशक से ज्यादा समय तक लगातार काम किया।

