"हम डरेंगे नहीं" – आतंकी हमले के बाद भी कश्मीर पहुंचे अतुल कुलकर्णी

punjabkesari.in Monday, Apr 28, 2025 - 12:10 PM (IST)

नारी डेस्क: 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला दिया था और इसके बाद कश्मीर जाने से लोग डर रहे थे। इस हमले में कई लोग शहीद हो गए थे, और इसके बाद कश्मीर में पर्यटन पर भी असर पड़ा था। लोग अब कश्मीर आने से घबराने लगे थे। लेकिन इस बीच बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अतुल कुलकर्णी कश्मीर पहुंचे और वहां से एक पॉजिटिव संदेश दिया।

कश्मीर पहुंचे अतुल कुलकर्णी

अतुल कुलकर्णी ने अपने सोशल मीडिया पर पहलगाम से तस्वीरें और वीडियो शेयर की। उन्होंने लिखा, "हिंदोस्तां की ये जागीर है के डर से हिम्मत भारी है, हिंदोस्तां की ये जागीर है के नफरत प्यार से हारी है, चलिए जी कश्मीर चलें सिंधु, झेलम किनार चलें, मैं आया हूं, आप भी आएं।"

अतुल ने यह भी बताया कि वह खाली फ्लाइट से कश्मीर पहुंचे हैं, और उन्होंने कश्मीर आने के लिए लोगों से अपील की। उन्होंने कहा कि कश्मीर में पर्यटन सिर्फ पैसे की बात नहीं है, बल्कि यह कश्मीरियत और कश्मीरी लोगों के साथ जुड़ने का एक तरीका है।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Atul Kulkarni (@atulkulkarni_official)

अतुल कुलकर्णी ने क्या कहा?

अतुल ने BBC से बात करते हुए कहा, "यह घटना दुखद है, लेकिन हमें क्या करना चाहिए? हम सिर्फ सोशल मीडिया पर बात करते हैं, लेकिन मैं सोच रहा था कि क्या कुछ किया जा सकता है। मैंने सुना है कि कश्मीर आने वाली 90 प्रतिशत बुकिंग कैंसिल हो गई हैं, जबकि यह पीक सीजन है। कश्मीरियत और कश्मीरी लोगों को संभालना हमारी जिम्मेदारी है। टूरिज्म सिर्फ पैसों का खेल नहीं है, यह एक दूसरे से जुड़ने का तरीका है।"

उन्होंने आगे कहा, "अगर हम आतंकवादियों को जीतने नहीं देना चाहते, तो हमें कश्मीर आना होगा। उन्होंने हमें कहा कि कश्मीर मत आओ, तो हम कह रहे हैं कि नहीं, हम तो आएंगे। हमारा कश्मीर है, हम आएंगे, बड़ी तादाद में आएंगे। कश्मीरियत को बचाना है, कश्मीरी लोगों से प्यार करना है, यहां मुस्कुराहट और प्यार लाना है।"

अतुल कुलकर्णी की अपील

अतुल कुलकर्णी ने लोगों से गुजारिश की कि वे कश्मीर आएं और आतंकवादियों के खिलाफ एक सकारात्मक संदेश भेजें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आप किसी अन्य जगह की फ्लाइट पकड़ने वाले हैं, तो उसे कैंसिल कर कश्मीर आइए। कश्मीर के लिए प्यार और समर्थन जरूरी है।

अतुल का यह कदम एक महत्वपूर्ण संदेश देता है, और उन्होंने कश्मीर में शांति और भाईचारे की अहमियत को समझाया है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static