कहीं तेज हवाएं तो कहीं बर्फबारी... इन राज्यों में बारिश के बाद फिर बढ़ेगी ठंड

punjabkesari.in Friday, Feb 07, 2025 - 11:08 AM (IST)

नारी डेस्क: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर फिर से  शुरू हो गया है जिसके चलते ठंड ने यू-टर्न ने लिया है। आज दिल्ली के आस-पास राज्यों में तेज हवाएं चल रही हैं। वीरवार को हवाएं 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। मौसम विभाग के अनुसार 8 फरवरी की देर रात एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ों पर पहुंचने की संभावना है। इससे तापमान फिर बढ़ेगा और हवाएं कमजोर हो जाएंगी।

PunjabKesari

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 7 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश, पूर्वोत्तर असम में बारिश हो सकती है। 7 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। तापमान की बात करें तो पूर्वी भारत में भी न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है और उसके बाद इसमें 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। अगले 5 दिनों के दौरान पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

PunjabKesari

हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर, बिहार और यूपी में सुबह हल्का से मध्यम स्तर का कोहरा पड़ने का उम्मीद है। पिछले 24 घंटों में मेघालय, ओडिशा में दृश्यता काफी कम रही, क्योंकि घना कोहरा छाया रहा। विभाग ने बताया कि लाहौल-स्पीति जिले का केलांग इलाका सबसे ठंडा रहा, जहां रात को तापमान शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। बुधवार शाम से राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। 

PunjabKesari
मनाली और शिमला के पर्यटन स्थलों में क्रमश: शून्य से 1.5 डिग्री और एक डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।  मौसम विभाग ने बताया कि चंबा, ऊना और बर्थिन में शीतलहर का प्रकोप बरकरार है जबकि मनाली और कल्पा में दिन के समय ठंड रही। आज अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है। वहीं श्रीनगर में भी सर्दी का कहर जारी है, शहर में न्यूनतम तापमान -2.0 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के बावजूद, पर्यटक इस क्षेत्र में आ रहे हैं, मौसम और सर्दियों में खूबसूरत नजारों का आनंद ले रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static