बेटे के बर्थडे पर उठी पिता को अर्थी, मरने से बाद मिला पापा का आखिरी तोहफा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 10:46 AM (IST)

नारी डेस्क: वित्त मंत्रालय (केंद्रीय) के आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव नवजोत सिंह के बेटे नवनूर मंगलवार को 22 साल के हो गए हैं। जो दिन जश्न का होना चाहिए था वह शोक का दिन बन गया, क्योंकि इसी दिन उन्होंने अपने पिता को अंतिम विदाई दी।  रविवार की दोपहर दिल्ली के धौला कुआं में हुई सड़क दुर्घटना में नवजोत सिंह का निधन हो गया जिसके बाद उनका पूरा परिवार टूट गया है। 


नवनूर को मिले दो तोहफे

जिस दिन नवनूर अपने दिवंगत पिता के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, उसी दिन उन्हें  एक एयर फ्रायर और एक शर्ट मिला जो उनके पिता नवजोत सिंह की ओर से उनके जन्मदिन का सरप्राइज था। नवजोत सिंह के दोस्त ऋषभ को कथित तौर पर नवनूर का फ़ोन आया, जिसने उसे अपने दिवंगत पिता द्वारा दिए गए आखिरी तोहफ़े के बारे में बताया। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, जब ऋषभ ने उनसे उनके तोहफ़ों, खासकर एयरफ्रायर के बारे में पूछा, तो नवनूर ने कहा कि उनके पिता ने खाना पकाने में उनकी नई रुचि को नोटिस किया था।


नवजोत सिंह को सरप्राइज देना था पसंद

नवजोत सिंह को सरप्राइज देना बहुत पसंद था, और उनके बेटे को उनसे आखिरी सरप्राइज उस दिन सुबह 6 बजे मिला जिस दिन परिवार उनके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। भावुक दिख रहे ऋषभ ने पहले अपने दोस्त के निधन को देश के लिए एक बड़ी क्षति बताया था। उन्होंने कहा-  "नवजोत का जाना सिर्फ़ उनके परिवार या दोस्तों का नुकसान नहीं है। यह देश के लिए एक बड़ी क्षति है... आज एक तरफ़ उनके बेटे का जन्मदिन है और दूसरी तरफ़ उनका अंतिम संस्कार भी है।" 


14 सितंबर को हुई थी घटना 

52 वर्षीय नवजोत सिंह की रविवार, 14 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे रिंग रोड स्थित दिल्ली कैंटोनमेंट मेट्रो स्टेशन के पास एक तेज़ रफ़्तार बीएमडब्ल्यू कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के दौरान उनकी पत्नी संदीप कौर उनके साथ थीं। वह दुर्घटना में बच गईं, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। तेज़ रफ़्तार बीएमडब्ल्यू चलाने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static