सिंगर राजवीर जवांदा के बाद एक और सितारे का निधन, हार्ट अटैक ने ले ली 41 की उम्र में जान
punjabkesari.in Friday, Oct 10, 2025 - 10:17 AM (IST)

नारी डेस्क: पंजाब के लोग अभी सिंगर राजवीर जवांदा के निधन का गम अभी भूले भी नहीं थे कि एक और सितारे के निधन की खबर आ गई। पेशेवर बॉडीबिल्डर और अभिनेता वरिंदर सिंह घुमन अब इस दुनिया में नहीं रहे, दिल का दौरा पड़ने के चलते उनका निधन हो गया। अभिनेता को कंधे में दर्द हो रहा था और वह इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल गए थे, इसके बाद वह वहां से कभी लौटे ही नहीं।
एक्टर के भतीजे अमनजोत सिंह घुमन ने जालंधर में पत्रकारों को बताया कि अभिनेता को शाम को अस्पताल में दिल का दौरा पड़ा। इकतालीस वर्षीय घुमन ने सुपरस्टार सलमान खान के साथ 2023 में आई फिल्म 'टाइगर-3' और 2014 में आई 'रोर: टाइगर्स ऑफ सुंदरबन्स' और 2019 में आई 'मरजावां' जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया था। उन्होंने 2012 में पंजाबी फिल्म 'कबड्डी वन्स अगेन' में भी काम किया था। छह फुट दो इंच लंबे घुमन ने 2009 में मिस्टर इंडिया का खिताब जीता था और मिस्टर एशिया प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया था।
गुरदासपुर के मूल निवासी, वह वर्तमान में जालंधर में रह रहे थे, जहां उनका एक जिम भी था। एक "शाकाहारी बॉडीबिल्डर" के रूप में जाने जाने वाले, वह फिटनेस के प्रति जुनूनी थे और नियमित रूप से इंस्टाग्राम पर अपने वर्कआउट वीडियो शेयर करते थे। उन्होंने 2027 में पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा भी व्यक्त की थी। विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने घुमन को "पंजाब का गौरव" बताया और उनके निधन को "देश के लिए अपूरणीय क्षति" बताया।