अभिषेक शर्मा की बहन कोमल बनीं दुल्हनिया, प्री-वेडिंग फंक्शन से लेकर चूड़ा सेरेमनी तक छाया स्टाइल
punjabkesari.in Friday, Oct 03, 2025 - 02:24 PM (IST)

नारी डेस्क: क्रिकेटर अभिषेक शर्मा की बहन कोमल शर्मा की शादी आज (3 अक्टूबर) को लुधियाना के लविश ओबेरॉय से हो रही है। सोशल मीडिया पर उनकी प्री-वेडिंग फंक्शन की तस्वीरें और वीडियो छाए हुए हैं। हल्दी से लेकर मेहंदी और चूड़ा सेरेमनी तक, कोमल का हर लुक बेहद खास और आकर्षक रहा।
शादी से पहले लिया गुरुद्वारे में आशीर्वाद
कोमल शर्मा की शादी की रस्मों की शुरुआत माता के जागरण से हुई थी। सगाई इसी साल हुई थी लेकिन बीच में अभिषेक के एशिया कप शेड्यूल के कारण तैयारियों में ब्रेक लगा। अब शादी का दिन आ चुका है और उससे पहले दुल्हनिया ने गुरुद्वारे में बाबाजी का आशीर्वाद लिया। वहां उनके हाथों में मेहंदी सजी हुई थी और चेहरे पर दुल्हनिया वाली चमक साफ नजर आ रही थी।
हल्दी में छाया गुलाबी साड़ी का लुक
हल्दी सेरेमनी में कोमल ने गुलाबी रंग की फ्लोरल साड़ी पहनी, जिसे उन्होंने सिंपल ब्लाउज के साथ स्टाइल किया। येलो डेकोरेशन के बीच गुलाबी रंग और भी ज्यादा उभरकर सामने आया। वहीं दूल्हे लविश ओबेरॉय इस मौके पर सफेद कुर्ता-पजामा और येलो जैकेट में नजर आए। दोनों का यह सिंपल लेकिन खूबसूरत लुक फैंस को काफी पसंद आया।
गजरे और फूलों के दुपट्टे ने बढ़ाई खूबसूरती
हल्दी के लुक को स्पेशल बनाने के लिए कोमल ने गजरे और गेंदे के फूलों से बना दुपट्टा ओढ़ा। हाल के दिनों में यह ट्रेंडिंग हो चुका है और कई दुल्हनें इसे अपना रही हैं। उनकी फ्लोरल जूलरी ने इस लुक में चार चांद लगा दिए। खास बात यह रही कि दूल्हे लविश ने भी स्कार्फ की तरह मैचिंग फूलों का दुपट्टा ओढ़ा और दोनों का ट्विनिंग लुक छा गया।
भाई अभिषेक शर्मा का स्टाइलिश अंदाज
शादी की हर रस्म में भाई का फर्ज निभाते हुए अभिषेक शर्मा भी खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। हल्दी में वे लाइट ग्रीन कुर्ते और वाइट पजामे में नजर आए। कुर्ते पर एम्ब्रॉयडरी और सेक्विन वर्क उनकी शख्सियत को और निखार रहा था। मैचिंग स्टॉल और चश्मा लगाकर उन्होंने अपने स्टाइल से सभी का दिल जीत लिया।
मेहंदी में सिंपल सूट का जलवा
मेहंदी सेरेमनी के लिए कोमल ने सिंपल लेकिन स्टाइलिश हरे रंग का स्लीवलेस कुर्ता चुना, जिस पर सेक्विन वर्क किया गया था। इसके साथ उन्होंने मैचिंग पैंट्स और दुपट्टा पहना। इस मौके पर उन्होंने जूलरी से परहेज किया और आरामदायक लेकिन ट्रेंडी लुक में नजर आईं। मेहंदी लगवाने के बाद उन्होंने फंक्शन के लिए फिशटेल लहंगा पहनकर पार्टी मूड में भी जलवा बिखेरा।
चूड़ा सेरेमनी में लाल सूट ने जीता दिल
चूड़ा सेरेमनी में कोमल ने लाल रंग का लॉन्ग ए-लाइन स्ट्रेट फिट सूट चुना। इस सूट को गोल्डन सेक्विन और बॉर्डर डिजाइन से हैवी लुक दिया गया था। कानों में झुमके, हाथों में चूड़ा और कलीरे पहनकर वह पूरी तरह दुल्हनिया के रूप में नजर आईं। उनका यह सिंपल लेकिन एलिगेंट लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बारात लेकर निकले दूल्हे राजा
दूल्हे लविश ओबेरॉय सज-धजकर घोड़ी पर चढ़े और बारात लेकर दुल्हन को लेने पहुंचे। पूरे माहौल में जश्न और खुशी का रंग छा गया। दुल्हन और दूल्हे के लुक्स के साथ ही अभिषेक शर्मा और उनके परिवार का उत्साह भी हर तस्वीर में झलक रहा है।
कोमल शर्मा के प्री-वेडिंग लुक्स और शादी की तस्वीरें फिलहाल सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं और फैंस उनकी खूबसूरती और स्टाइल को खूब पसंद कर रहे हैं।