अभिषेक ने दिखाई अपने नए घर की झलक,कहा - यहां तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की
punjabkesari.in Tuesday, Aug 26, 2025 - 04:09 PM (IST)

नारी डेस्क: टीवी एक्टर अभिषेक कुमार के लिए उनका 30वां जन्मदिन बेहद खास रहा। इस खास मौके पर उन्होंने अपने फैंस को एक ऐसा सरप्राइज दिया, जिसने सबका दिल जीत लिया। अभिषेक ने अपने मुंबई स्थित नए घर की पहली झलक सोशल मीडिया पर शेयर की, और इस सपने के सच होने के पीछे की मेहनत और संघर्ष को भी खुलकर बताया।
जन्मदिन पर डबल खुशी
अभिषेक कुमार ने अपने इंस्टाग्राम पर नए घर की कुछ फोटोज शेयर कीं, जिनमें वे खिड़की के पास खड़े होकर मुस्कुराते नजर आए। तस्वीरों में उनका चेहरा खुशी से चमक रहा था और वो लम्हा फैंस के लिए भी बेहद खास बन गया। उन्होंने लिखा "मुंबई के नए घर का श्रीगणेश… सबसे पहले तो आप सबका दिल से शुक्रिया, इतने प्यार और बर्थडे विशेज़ के लिए।"
मेहनत से मिला नया आशियाना
अभिषेक ने आगे लिखा कि मुंबई में घर खरीदना उनका एक बड़ा सपना था, जिसे उन्होंने अपनी मेहनत, सेक्रिफाइस और फैमिली के आशीर्वाद से पूरा किया। उन्होंने कहा "आज आप सबके प्यार की वजह से, मेरी मेहनत और परिवार के आशीर्वाद से मैंने अपना बहुत बड़ा सपना पूरा किया – मुंबई में मेरा पहला छोटा सा प्यारा सा घर।"
फैंस को दिया खास मैसेज
अभिषेक ने अपने फैंस को धन्यवाद देते हुए लिखा
"बहुत मेहनत की है यहां तक पहुंचने के लिए, बहुत कुछ सेक्रिफाइज किया है। लेकिन आप सबने मुझे उतना ही प्यार दिया है। बस आप सबका प्यार ऐसे ही बना रहे, मैं और मेहनत करूंगा और आपको प्राउड फील कराऊंगा।"
हाल के प्रोजेक्ट्स
बता दें कि हाल ही में अभिषेक कुमार का ईशा मालवीय के साथ एक म्यूजिक वीडियो रिलीज़ हुआ है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके अलावा वे "लाफ्टर शेफ्स 2" नामक शो में भी नजर आए, जिसमें उन्होंने कुकिंग और कॉमेडी का तड़का लगाया।
अभिषेक कुमार का यह कदम सिर्फ एक घर खरीदने की बात नहीं है, बल्कि यह उन सभी यंग एक्टर्स के लिए प्रेरणा है जो इंडस्ट्री में संघर्ष कर रहे हैं। उनका नया घर सिर्फ ईंट-पत्थर का नहीं, बल्कि मेहनत, सपनों और उम्मीदों की कहानी है।