बारिश में बीमारियों से बचाएंगी ये 5 चीजें, Immunity भी होगी मजबूत
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 12:21 PM (IST)
नारी डेस्क : बारिश का मौसम गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन इसके साथ वायरल इंफेक्शन, सर्दी-खांसी, बुखार और पाचन संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में मजबूत इम्युनिटी ही आपको मौसमी बीमारियों से बचाने में मदद कर सकती है। आयुर्वेद विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून के दौरान खानपान और दिनचर्या में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर सेहत को बेहतर बनाया जा सकता है।
मानसून में क्यों बढ़ जाता है बीमारियों का खतरा?
बरसात के मौसम में वातावरण में नमी बढ़ जाती है, जिससे बैक्टीरिया, वायरस और फंगस तेजी से पनपते हैं। यही वजह है कि इस मौसम में सर्दी, खांसी, वायरल फीवर, गले का संक्रमण और पाचन संबंधी समस्याएं अधिक देखने को मिलती हैं। डॉक्टर के अनुसार, मानसून में शरीर के वात, पित्त और कफ तीनों दोष प्रभावित हो सकते हैं।
वात असंतुलन: जोड़ों में दर्द, अकड़न, बदन दर्द और थकान की समस्या बढ़ सकती है।
पित्त असंतुलन: एसिडिटी, पेट में जलन और कमजोर पाचन की शिकायत हो सकती है।
कफ असंतुलन: सर्दी, खांसी और बलगम की समस्या बढ़ सकती है।

मानसून में इम्युनिटी बढ़ाने वाली 5 चीजें
हल्दी वाला दूध: हल्दी में करक्यूमिन (Curcumin) नामक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी तत्व पाए जाते हैं। रात में गुनगुने दूध में थोड़ी-सी हल्दी मिलाकर पीने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और मौसमी संक्रमण से बचाव में मदद मिल सकती है।
आंवला: आंवला विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट का बेहतरीन स्रोत है। मानसून में इसका सेवन इम्युनिटी मजबूत करने, पाचन बेहतर बनाने और सामान्य संक्रमण के खतरे को कम करने में मदद कर सकता है।
च्यवनप्राश: आयुर्वेद में च्यवनप्राश को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाला पारंपरिक रसायन माना जाता है। नियमित मात्रा में गुनगुने दूध या पानी के साथ इसका सेवन शरीर की ऊर्जा, सहनशक्ति और इम्युनिटी को बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है।
यें भी पढ़ें : प्रसाद नहीं, यहां भगवान को चढ़ाई जाती हैं घड़ियां! जानें इस अनोखी परंपरा का रहस्य
ठंडे पानी की जगह गुनगुना पानी पिएं: बारिश के मौसम में ठंडा पानी पीने की बजाय हल्का गुनगुना या सामान्य तापमान का पानी पीना बेहतर माना जाता है। यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने और गले से जुड़ी समस्याओं के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।
हल्का व्यायाम और योग करें: नमी वाले मौसम में आलस महसूस होना सामान्य है, लेकिन लंबे समय तक निष्क्रिय रहने से स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। रोजाना प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, त्रिकोणासन और भुजंगासन जैसे योगाभ्यास करने से शरीर सक्रिय रहता है और इम्युनिटी को भी फायदा मिल सकता है।

मानसून में रखें ये सावधानियां
ताजा और घर का बना भोजन खाएं।
कटे हुए फल और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचें।
पर्याप्त नींद लें और शरीर को हाइड्रेट रखें।
हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
किसी भी संक्रमण या लंबे समय तक रहने वाले लक्षणों को नजरअंदाज न करें।

