इंडस्ट्री में शोक की लहर: '3 Idiots' फेम अच्युत पोतदार का निधन, एक डायलॉग से इंडस्ट्री में हुए थे मशहूर

punjabkesari.in Tuesday, Aug 19, 2025 - 10:20 AM (IST)

 नारी डेस्क: फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। हिंदी और मराठी सिनेमा के मशहूर अभिनेता अच्युत पोतदार अब इस दुनिया में नहीं रहे। 91 साल की उम्र में उनका निधन हो गया है। अच्युत पोतदार ने आमिर खान की फिल्म ‘3 इडियट्स’ में एक प्रोफेसर का रोल निभाया था, जो दर्शकों को आज भी याद है। खासकर उनका डायलॉग "अरे, कहना क्या चाहते हो?" बहुत पॉपुलर हुआ था और सोशल मीडिया पर इसका मीम भी काफी वायरल रहा।

बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती

खबरों के मुताबिक, अच्युत पोतदार पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। बीती रात अचानक बेहोश होने के बाद उन्हें ठाणे के जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका।

अंतिम संस्कार कब और कहां होगा?

अच्युत पोतदार का जन्मदिन 22 अगस्त को आने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया। उनकी बेटी अनुराधा पारस्कर ने जानकारी दी कि अभिनेता का अंतिम संस्कार 19 अगस्त की शाम 4 बजे, ठाणे में किया जाएगा। इस मौके पर परिवार के सदस्य और करीबी लोग शामिल होंगे।

फिल्मों और टीवी में शानदार करियर

अच्युत पोतदार ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत थोड़ी देर से की, लेकिन वे जल्दी ही हिंदी और मराठी फिल्मों का जाना-पहचाना चेहरा बन गए।

उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में काम किया, जिनमें शामिल हैं

3 इडियट्स

फरारी की सवारी

दबंग 2

आर. राजकुमार

भूतनाथ

लगे रहो मुन्ना भाई

परिणीता

हम साथ-साथ हैं

दाग: द फायर

आक्रोश

इसके अलावा टीवी की दुनिया में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 'भारत एक खोज', 'शुभ मंगल सावधान' और 'ऑल द बेस्ट' जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में भी अहम भूमिकाएं निभाईं।

सिनेमा में आने से पहले क्या करते थे?

अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले अच्युत पोतदार ने भारतीय सेना में सेवा दी और फिर इंडियन ऑयल कंपनी में करीब 25 साल तक काम किया। इसके बाद उन्होंने थिएटर में कदम रखा और पंडित सत्यदेव दुबे, विजया मेहता और सुलभा देशपांडे जैसे दिग्गज रंगकर्मियों के साथ काम किया।

श्रद्धांजलि का माहौल

उनके निधन की खबर आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्रिटीज उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कई मराठी टीवी चैनल्स ने उनके सम्मान में पोस्ट शेयर की हैं और उन्हें याद किया है। अच्युत पोतदार एक ऐसे कलाकार थे जिन्होंने अपने अभिनय और सादगी से लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई। उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्हें उनके काम और उनके यादगार डायलॉग्स के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।   

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static