टेस्टी और हैल्थी डिश अप्पे

punjabkesari.in Thursday, Sep 01, 2016 - 04:57 PM (IST)

अप्पे नाश्ते के लिए लोकप्रिय दक्षिण भारतीय आइटम्स में से एक है जो कि बॉल की तरह गोल होता है । वैसे तो अप्पे कई तरह से बनाए जाते हैं मसलन उड़द दाल अप्पे, चावल के अप्पे या सूजी के अप्पे लेकिन  सूजी के अप्पे बनाने के लिए बहुत ज्यादा तैयारी नहीं करनी पड़ती क्योंकि ये तुरंत बन जाते हैं।  
 
कम कैलोरी वाला ये नाश्ता बनाने में भी बेहद आसान है। इसमें स्प्राउट्स मिलाकर इसके पोषक तत्व बढ़ा सकते हैं। इसे बनाने के लिए अप्पे का सांचा बाजार से आसानी से मिल जाता है। बाजार में 2 तरह के सांचे मिलते हैं एक नॉन-स्टिक सांचा और दूसरा लोहे का सांचा। यहाँ  लोहे के सांचे में आपे सेकने का तरीका बता रहे हैं।
 
सामग्री 
 
सूजी / रवा – 1 कप
 
दही – 1/4 कप
 
टमाटर (बारीक कटा हुआ) – 2 टेबलस्पून
 
प्याज (बारीक कटा हुआ) – 2 टेबलस्पून
 
हरी मिर्च (बारीक कटी हुई) – 1 टीस्पून
 
हरा धनिया (बारीक कटा हुआ) – 1 टेबलस्पून
 
उबला आलू - (बारीक कटा)- 1
 
थोड़े से उबले मटर (चाहे तो न भी डालें)
 
कच्चा पनीर-(बारीक टुकड़ों में कटा)- पसंद अनुसार
 
मीठा सोडा – 2 चुटकी
 
फ्रूट साल्ट / ईनो – 1/4 टीस्पून
 
नमक – स्वादानुसार
 
तेल – अप्पे सेकने के लिए
 
पानी – घोल बनाने के लिए / ज़रुरत के अनुसार
 
 
विधि:-
 
1. एक बर्तन में सूजी लें, उसमें कटा हुआ टमाटर, कटा हुआ प्याज, कटी हुई हरी मिर्च, कटा हुआ हरा धनिया, दही और नमक डालकर मिला लें। फिर धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए घोल बना लें। घोल में गांठें नहीं पड़नी चाहिए। घोल बहुत गाढ़ा या पतला नहीं होना चाहिए बल्कि थोड़ा गाढ़ा ही रखना है लेकिन रवा इडली के घोल से थोड़ा पतला होना चाहिए।
2. घोल को ढककर 10-15 मिनट के लिए एक तरफ रख दें। फिर घोल को अच्छे से मिला लें। अगर घोल ज़्यादा गाढ़ा हो जाए तो थोड़ा पानी मिला लें। फिर घोल में मीठा सोडा और ईनो मिला दें।
3. अप्पे बनाने के तुरंत पहले ही घोल में ईनो मिलाएं, क्यूंकि इनो मिलाते ही घोल थोड़ा फूल जाता है और हम इस फूले हुए घोल से ही अप्पे बनाते हैं।
4.  लोहे के सांचे में अप्पे सेकने के लिए, पहले सांचे को तेज आंच पर अच्छे से गरम करें फिर आंच को धीमा करें और सांचे में अच्छे से तेल लगा दें।
5. सांचे में  अप्पे की जगह में अच्छे से घोल भर दें।
6. सांचे को प्लेट से ढक दें और धीमी आंच पर घोल के फूलकर और गेंद की तरह गोल होने तक पकाएं, इसमें लगभग 1-2 मिनट लगेंगें। अगर घोल की गेंद नहीं बनीं हैं तो इसे ढककर और पकाएं। 
7. अगर अप्पे बन गए हैं मतलब घोल फूलकर गेंद की तरह हो गया है तो चम्मच की मदद से अप्पे की पलटे ताकि वो दूसरी तरफ से भी सिक जाएँ। 
8. जब अप्पे सब तरफ से सुनहरे भूरे हो जाएं, उन्हें प्लेट में निकाल लें। 
9. सूजी के अप्पे खाने के लिए तैयार हैं, इन्हें टमाटर सॉस या किसी अपनी फेवरेट  चटनी के साथ गरम-गरम परोसें।
 
 
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News

static