बिना तेल और बिना फ्राई किए बनाएं हेल्दी काला चना चाट
punjabkesari.in Thursday, Nov 12, 2026 - 06:42 PM (IST)
नारी डेस्क : अगर आप कुछ चटपटा, स्वादिष्ट और हेल्दी खाना चाहते हैं, लेकिन तेल और तली हुई चीजों से बचना चाहते हैं, तो जीरो ऑयल काला चना चाट आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। काले चने में भरपूर प्रोटीन और फाइबर होता है, वहीं इसमें डाली जाने वाली ताजी सब्जियां, अनार के दाने और चटनी इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देते हैं। इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो तेल की जरूरत होती है और न ही किसी चीज को फ्राई करने की। ऊपर से डाली जाने वाली क्रीमी चुकंदर वाली दही इस चाट को एक अलग स्वाद और खूबसूरत रंग देती है।
काला चना चाट बनाने के लिए सामग्री
1 कप काले चने (रातभर भिगोए हुए और उबले)
1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ
1 टमाटर बारीक कटा हुआ
1 खीरा बारीक कटा हुआ
आधा कप अनार के दाने
2-3 चम्मच हरी चटनी
2 चम्मच इमली की मीठी चटनी
आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर
स्वादानुसार काला नमक और चाट मसाला
बारीक कटा हरा धनिया
आधा कप दही
2-3 चम्मच उबला और मैश किया हुआ चुकंदर

बनाने का तरीका
1. काले चनों को रातभर पानी में भिगो दें। अगले दिन इन्हें साफ पानी में अच्छी तरह उबाल लें। ध्यान रखें कि चने नरम हों, लेकिन पूरी तरह गलें नहीं।
2. एक बड़े बर्तन में उबले हुए काले चने डालें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर और खीरा मिलाएं।
3. इसमें हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी, भुना जीरा पाउडर, काला नमक और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
4. अब इसमें अनार के दाने और बारीक कटा हरा धनिया डालें। इससे चाट का स्वाद और रंग दोनों बढ़ जाएंगे।
5. एक अलग कटोरी में दही लें। इसमें उबला और मैश किया हुआ चुकंदर मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। इससे दही को सुंदर गुलाबी रंग और हल्का मीठा स्वाद मिलेगा।
6. तैयार काला चना चाट को सर्विंग बाउल में निकालें। ऊपर से चुकंदर वाली दही डालें और अनार के दानों व धनिया से सजाकर तुरंत परोसें।
कब और कैसे खाएं?
इस चाट को आप सुबह के नाश्ते, शाम के हल्के स्नैक या हल्के भोजन के रूप में खा सकते हैं। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पेट भरने वाला विकल्प भी है। अगर आप इसे और हेल्दी रखना चाहते हैं, तो नमक और मीठी चटनी की मात्रा सीमित रखें और ताजी सब्जियों का इस्तेमाल करें। तो इस बार बाजार की तली-भुनी चाट की जगह घर पर बनाएं यह रंग-बिरंगी जीरो ऑयल काला चना चाट और स्वाद के साथ पोषण का आनंद लें।
नोटः ऐसे ही नई-नई और टेस्टी रेसिपी के लिए हमारे Yum Recipes APP को डाउनलोड करें।
iOS: https://apps.apple.com/in/app/id1225104109
Android: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.punjabkesari.yum

