सोशल मीडिया पर दौलत दिखाना पड़ा भारी, रील देखकर यूट्यूबर के घर से 944 ग्राम सोना ले उड़े चोर
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 11:26 AM (IST)
नारी डेस्क : तमिलनाडु के नागरकोइल की एक महिला यूट्यूबर को सोशल मीडिया पर अपनी संपत्ति और गहनों का दिखावा करना भारी पड़ गया। महिला अपने यूट्यूब चैनल पर लाइफस्टाइल से जुड़े वीडियो और रील्स शेयर करती थीं। इनमें वह अक्सर परिवार, घर और महंगे गहनों से जुड़ी चीजें दिखाती थीं। अब पुलिस को शक है कि इन्हीं वीडियो को देखकर चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया और करीब 944 ग्राम सोने के गहने चोरी कर लिए।
बच्चे पर बरसाए थे 500 के नोट
पुलिस के मुताबिक, नागरकोइल की रहने वाली मधुमिता सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। उनके कई पुराने वीडियो इन दिनों फिर से चर्चा में हैं। एक वीडियो में वह अपने छोटे बच्चे पर 500 रुपये के नोट बरसाती हुई नजर आई थीं। इसके अलावा एक वीडियो में उन्होंने हर महीने सोने के गहने खरीदने की बात भी कही थी। इन वीडियो में घर और परिवार से जुड़ी कई जानकारियां भी सामने आती थीं।
परिवार के साथ गई थीं यात्रा पर
बताया जा रहा है कि मधुमिता अपने परिवार के साथ तिरुनेलवेली की छोटी यात्रा पर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर अलमारी में रखे सोने के गहने गायब मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और फॉरेंसिक टीम को भेजा गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है, क्योंकि शुरुआती जांच में आशंका है कि आरोपियों ने महिला के वीडियो देखकर घर और कीमती सामान से जुड़ी जानकारी जुटाई हो सकती है।
निजी जिंदगी की जानकारी शेयर करने से रहें सावधान
सोशल मीडिया पर घर, महंगे सामान, गहनों, आर्थिक स्थिति या यात्रा की जानकारी सार्वजनिक करना कई बार जोखिम बढ़ा सकता है। अपराधी इन पोस्ट और वीडियो से यह पता लगा सकते हैं कि किसी व्यक्ति के घर में क्या कीमती सामान है और वह कब घर से बाहर है। जून 2026 में मध्य प्रदेश के शिवपुरी में भी एक महिला यूट्यूबर के घर से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया था। पुलिस ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया था। इससे पहले 2018 में बेंगलुरु में भी सोशल मीडिया पोस्ट के बाद घर में चोरी का मामला सामने आया था।

