जिन दर्शकों ने पैसे लगाए उनका भी तो सोचो... सोना महापात्रा ने दलेर मेहंदी पर ही उठाए सवाल
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 03:45 PM (IST)
नारी डेस्क: जहां एक तरफ इंडस्ट्री दलेर मेहंदी के अपमान के खिलाफ एकजुट हो गई है, तो वहीं दूसरी तरफ गायिका सोना महापात्रा ने एक बयान देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी वरिष्ठ कलाकार के प्रति सम्मान के कारण लोगों को उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाने से रुक जाना चाहिए? उनकी यह टिप्पणी उत्तराखंड में नवरात्रि के एक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की मौजूदगी पर हुए हंगामे के बाद आई है, जहां भाजपा विधायक सुबोध उनियाल ने उन पर मंच पर नशे की हालत में होने का आरोप लगाया था।

इंस्टाग्राम पर 11 स्लाइड की एक पोस्ट में, सोना ने बताया कि 1 मार्च 2026 को दिल्ली के 'सूफी हेरिटेज फेस्टिवल' में उन्होंने दलेर मेहंदी को परफॉर्म करते देखा था। इससे एक शाम पहले सोना ने खुद भी वहां परफॉर्म किया था। उन्होंने बताया कि वह दलेर मेहंदी का सूफी-आधारित परफॉरमेंस देखने के लिए वहीं रुक गई थीं, लेकिन जो कुछ हुआ उससे उन्हें निराशा हुई। सोना ने कहा कि परफॉरमेंस के दौरान असहज महसूस करने के बावजूद, वह और उनकी टीम चुप रहे। उन्होंने फेस्टिवल के आयोजकों के प्रति भी सहानुभूति जताई, जिन्होंने इस अनुभवी गायक को पेश करने के लिए अपने संसाधन लगाए थे और अपनी प्रतिष्ठा दांव पर लगाई थी।

उन्हाेंने बताया- स्टेज पर दलेर जी काफी उलझे हुए लग रहे थे, उन्हें एक सुर पकड़ने में भी मुश्किल हो रही थी और वह एक ही धुन को बार-बार दोहरा रहे थे, पूरा प्रोडक्शन निराश थ, हमने देखा कि कैसे दर्शक धीरे-धीरे वहां से जाने लगे, वो लोग जिन्होंने अच्छे पैसे देकर टिकट खरीदा था और बड़ी उम्मीदों के साथ आए थे."। अभिनेत्री ने दर्शकों के इमोशन और मैनेजमेंट पर सवाल उठाते हुए लिखा, "उत्तराखंड में हुए विवाद को देखकर मुझे हैरानी हो रही है कि बातचीत का ज्यादातर हिस्सा कलाकार के अपमान पर हो रहा है. दर्शकों की उम्मीदों और मोटी प्रोफेशनल फीस लेने वालों की जिम्मेदारी पर बहुत कम बात हो रही है. दो बातें एक साथ सच हो सकती हैं."।

यह स्पष्ट करते हुए कि उन्हें दलेर की निजी परिस्थितियों या स्वास्थ्य के बारे में जानकारी नहीं है, सोना ने कहा कि उन्होंने जो देखा, उसके आधार पर वे कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी कलाकार को सबके सामने अपमानित करना इसका सही समाधान नहीं है।. उन्होंने लिखा- "मैं यह सवाल एक साथी परफॉर्मिंग आर्टिस्ट के तौर पर पूछ रही हूं, यह जानते हुए कि इसके लिए मेरी आलोचना भी हो सकती है. सम्मान एकतरफा हक नहीं है बल्कि यह आपसी लेनदेन का रिश्ता है. उम्र, विरासत और कद सम्मान के योग्य हैं लेकिन वे हममें से किसी को भी प्रोफेशनल जवाबदेही से मुक्त नहीं करते."

यह विवाद तब शुरू हुआ जब उत्तराखंड के नरेंद्र नगर में कुंजापुरी मेले में दलेर की परफॉरमेंस के वीडियो ऑनलाइन सामने आए। फुटेज में वन मंत्री और बीजेपी विधायक सुबोध उनियाल, नवरात्रि कार्यक्रम के दौरान गायक की हालत को लेकर उनसे सवाल करते हुए दिखाई दिए। अनुपम खेर, बादशाह, मीका सिंह और कपिल शर्मा सहित कई हस्तियों ने दलेर का समर्थन किया है। मीका ने अपने भाई का बचाव करते हुए कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे कि दलेर ने शराब पी रखी थी, तो वे गाना छोड़ देंगे।उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए इस बात पर जोर दिया कि किसी कलाकार की उम्र, कद या विरासत उन्हें पेशेवर जवाबदेही से छूट नहीं दिला सकती, और साथ ही दर्शकों का भी सम्मान किया जाना चाहिए।

