पेट में बार-बार दर्द क्यों होता है? इन बीमारियों का हो सकता है संकेत

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 12:06 PM (IST)

नारी डेस्क:  कई लोगों को अक्सर पेट में दर्द की समस्या रहती है। कभी हल्का दर्द, तो कभी तेज मरोड़। ज्यादातर लोग इसे गैस, गलत खाना या थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर पेट में दर्द बार-बार हो रहा है, तो यह शरीर के अंदर चल रही किसी गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। शरीर ऐसे दर्द के जरिए हमें समय रहते सावधान करना चाहता है। पेट में दर्द के साथ अक्सर कुछ और लक्षण भी दिखाई देते हैं। जैसे पेट में जलन या भारीपन महसूस होना, उल्टी जैसा मन होना, भूख कम लगना, बार-बार दस्त या कब्ज की परेशानी, पेट फूलना, कमजोरी और थकान। कुछ लोगों को इसके साथ सिरदर्द या चक्कर भी आने लगते हैं। अगर ये लक्षण रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने लगें, तो इसे हल्के में लेना सही नहीं होता।

पेट में बार-बार दर्द किन बीमारियों का संकेत हो सकता है?

पेट में बार-बार होने वाला दर्द कई गंभीर बीमारियों से जुड़ा हो सकता है। सबसे आम कारणों में इर्रिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS) शामिल है, जिसमें पेट दर्द के साथ गैस, दस्त या कब्ज की समस्या बनी रहती है। यह समस्या अक्सर तनाव और गलत खान-पान से बढ़ जाती है। इसके अलावा सूजन आंत्र रोग (IBD) भी पेट दर्द की एक बड़ी वजह हो सकता है। इस बीमारी में आंतों में सूजन आ जाती है, जिससे लगातार दर्द, दस्त और कमजोरी महसूस होती है। वहीं GERD या एसिड रिफ्लक्स में पेट की एसिड ऊपर की ओर आने लगती है, जिससे पेट और छाती में जलन के साथ दर्द होता है।

कुछ भी खाते ही पेट में होने लगती है मरोड़ और दर्द? ये गलत आदतें हो सकती हैं जिम्मेदार

कुछ मामलों में पेट दर्द सीलिएक रोग की वजह से भी हो सकता है, जिसमें शरीर ग्लूटेन को पचा नहीं पाता। इसके अलावा गैस्ट्रोएंटेराइटिस, यानी पेट का इंफेक्शन, बैक्टीरिया या वायरस के कारण हो सकता है, जिससे तेज दर्द, उल्टी और दस्त होने लगते हैं।

कई बार पेट दर्द पित्ताशय की पथरी, अपेंडिसाइटिस, पैनक्रिएटाइटिस या किडनी स्टोन जैसी गंभीर स्थितियों का संकेत भी हो सकता है। इन बीमारियों में दर्द अचानक तेज हो सकता है और तुरंत इलाज की जरूरत पड़ती है।

इसके अलावा पेप्टिक अल्सर, हर्निया, लंबे समय तक तनाव, चिंता और फूड एलर्जी जैसे लैक्टोज इनटोलरेंस भी पेट में बार-बार दर्द की वजह बन सकते हैं। गलत दिनचर्या और अनियमित जीवनशैली भी इस समस्या को बढ़ा देती है।

ये भी पढ़ें:  मामूली लगने वाले ये छोटे लक्षण देते हैं  Lung Cancer का संकेत, समय रहते करवा लें टेस्ट

पेट दर्द से बचने के लिए क्या करें?

पेट से जुड़ी बीमारियों से बचने के लिए रोजमर्रा की आदतों में सुधार करना बेहद जरूरी है। सबसे पहले अपने खाने-पीने का ध्यान रखें। समय पर भोजन करें और बहुत ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और जंक फूड खाने से बचें। हल्का, संतुलित और घर का बना खाना पेट के लिए सबसे बेहतर होता है।

दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है, ताकि पाचन सही बना रहे। इसके साथ ही रोजाना हल्की एक्सरसाइज, योग या टहलने की आदत डालें। इससे पाचन तंत्र मजबूत होता है और गैस व कब्ज जैसी समस्याएं दूर रहती हैं। तनाव और चिंता भी पेट दर्द की बड़ी वजह होती है, इसलिए खुद को मानसिक रूप से शांत रखने की कोशिश करें। योग, ध्यान और गहरी सांस लेने की तकनीकें इसमें मददगार साबित हो सकती हैं। खाने के तुरंत बाद लेटने से बचें और रात का खाना सोने से कम से कम दो घंटे पहले कर लें। साफ-सफाई और हाइजीन का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। अगर आपको किसी खास खाने से एलर्जी है, जैसे दूध या डेयरी प्रोडक्ट से परेशानी होती है, तो उनसे दूरी बनाएं।

PunjabKesari

डॉक्टर को कब दिखाना जरूरी है?

अगर पेट में दर्द लगातार बना रहे, घरेलू उपायों से ठीक न हो या धीरे-धीरे बढ़ता जाए, तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए। तेज दर्द, उल्टी या दस्त में खून आना, अचानक वजन कम होना, लंबे समय तक कमजोरी महसूस होना जैसे लक्षण गंभीर हो सकते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं में पेट दर्द को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय रहते जांच कराने से बीमारी का सही कारण पता चल जाता है और इलाज भी जल्दी शुरू हो सकता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static