छोटे बच्चों को Brush कब और कैसे कराना चाहिए? ऐसे चुनें ToothPaste, डॉक्टर से जानिए सबकुछ
punjabkesari.in Wednesday, Oct 01, 2025 - 07:22 PM (IST)

नारी डेस्क: बच्चों की ब्रशिंग कब से शुरू करनी चाहिए, यह सवाल अक्सर माता-पिता को परेशान करता है। बच्चे का पहला दांत आते ही ब्रशिंग की शुरुआत कर देनी चाहिए। अगर यह आदत शुरू से डाली जाए तो दांत और मसूड़े लंबे समय तक स्वस्थ रहते हैं और दांतों से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाता है।
दूध के दांतों की देखभाल क्यों जरूरी?
अक्सर लोग यह सोचकर लापरवाह हो जाते हैं कि दूध के दांत बाद में बदल जाएंगे, इसलिए उनकी देखभाल जरूरी नहीं है। कि यह सोच गलत है। दूध के दांत ही स्थायी दांतों की नींव होते हैं। अगर उनकी सही तरह से देखभाल न हो, तो बच्चों को छोटी उम्र में ही कैविटी, दांतों की सड़न और मसूड़ों की समस्या झेलनी पड़ सकती है।
कब और कितनी बार कराएं ब्रश?
विशेषज्ञ के मुताबिक बच्चों को सुबह और रात दोनों समय ब्रश कराना बेहद जरूरी है। दिनभर में खाए गए भोजन का असर सबसे पहले दांतों पर पड़ता है।खासकर रात को सोने से पहले ब्रश न करने पर भोजन के कण दांतों में फंस जाते हैं। इससे बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं और दांत कमजोर हो जाते हैं।
यानी सोने से पहले ब्रश करना उतना ही जरूरी है, जितना सुबह का।
बच्चों के लिए कैसा हो ब्रश?
ब्रश चुनते समय माता-पिता को बहुत सावधानी बरतनी चाहिए। बच्चों के लिए हमेशा उनकी उम्र के अनुसार छोटा टूथब्रश इस्तेमाल करना चाहिए। ब्रिसल्स (रेशे) बहुत सॉफ्ट होने चाहिए, ताकि बच्चे के नाजुक मसूड़ों को नुकसान न पहुंचे। कठोर ब्रश से मसूड़ों में चोट लग सकती है, जिससे बच्चा ब्रश करने से कतराने लगेगा।
टूथपेस्ट कैसा चुनें?
विशेषज्ञ के मुताबिक टूथपेस्ट के चयन पर भी जोर दे । छोटे बच्चों के लिए कम फ्लोराइड वाला टूथपेस्ट ही इस्तेमाल करना चाहिए। बहुत छोटे बच्चों में ब्रशिंग के दौरान केवल हल्की मात्रा में पेस्ट लगाएं। अगर बच्चा टूथपेस्ट निगल भी ले, तो इससे कोई नुकसान न हो।
ब्रशिंग को मजेदार कैसे बनाएं?
माता-पिता की जिम्मेदारी है कि बच्चे के लिए ब्रशिंग को मजेदार बनाया जाए। अगर वे बच्चों के साथ खड़े होकर खुद भी ब्रश करेंगे, तो बच्चा इसे खेल-खेल में सीख लेगा। गाने, कहानियां या टाइमर का सहारा लेकर ब्रशिंग को रोचक बनाया जा सकता है। इससे बच्चों को ब्रश करना बोरियत नहीं लगेगा।
सबसे अहम उम्र कौन सी है?
विशेषज्ञ के अनुसार, 6 महीने से 6 साल की उम्र बच्चों के लिए दांतों की देखभाल का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इसी दौरान अच्छी आदतें डालने से बच्चे बड़े होकर भी नियमित ब्रशिंग करेंगे और दांतों की बीमारियों से बचे रहेंगे।
डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?
माता-पिता को चाहिए कि बच्चों को हर 6 महीने पर डेंटल चेकअप के लिए डॉक्टर के पास जरूर ले जाएं। इससे दांतों में किसी भी शुरुआती समस्या को समय रहते पहचाना जा सकता है और उसका इलाज किया जा सकता है।