नाखूनों पर आधा चांद क्या होता है इसका मतलब? हर उंगली पर अलग संकेत
punjabkesari.in Sunday, Jan 11, 2026 - 05:37 PM (IST)
नारी डेस्क: कई लोगों के नाखूनों के ऊपर सफेद रंग का आधे चांद जैसा निशान दिखाई देता है। इसे आम भाषा में हाफ मून कहा जाता है। सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, शरीर पर मौजूद ऐसे छोटे-बड़े निशान व्यक्ति के स्वभाव, भाग्य और भविष्य के बारे में संकेत देते हैं। नाखूनों पर बना यह आधा चांद भी शुभ और अशुभ दोनों तरह के संकेत दे सकता है और हर उंगली पर इसका अर्थ अलग होता है।
आइए जानते हैं कि किस उंगली के नाखून पर आधा चांद होना क्या दर्शाता है।
अंगूठे पर आधा चांद
अगर अंगूठे के नाखून पर आधा चांद साफ दिखाई देता है, तो इसे बहुत शुभ माना जाता है। ऐसे लोग भाग्यशाली होते हैं, जीवन में तरक्की करते हैं और सुख-समृद्धि प्राप्त करते हैं।

छोटी उंगली (कनिष्ठा) पर आधा चांद
हाथ की सबसे छोटी उंगली को कनिष्ठा कहा जाता है। इस उंगली पर आधा चांद होना धन लाभ और व्यापार में सफलता का संकेत माना जाता है। ऐसे लोगों को पैसों से जुड़े मामलों में फायदा मिलता है।
मध्यमा उंगली पर आधा चांद
हाथ की बीच वाली उंगली यानी मध्यमा के नाखून पर आधा चांद होना धन लाभ और शुभ समाचार मिलने का संकेत माना जाता है। सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, ऐसे लोगों को मशीनों या तकनीकी कामों से लाभ हो सकता है।
तर्जनी उंगली पर आधा चांद
अंगूठे के पास वाली उंगली को तर्जनी कहा जाता है। अगर इसके नाखून पर आधा चांद हो, तो यह नौकरी और करियर में सफलता का संकेत माना जाता है। यह उंगली पर बना निशान अच्छे अवसर मिलने की ओर इशारा करता है।

अनामिका (रिंग फिंगर) पर आधा चांद
मध्यमा और छोटी उंगली के बीच वाली उंगली को अनामिका या रिंग फिंगर कहा जाता है। इस उंगली पर आधा चांद बना होना सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन का संकेत माना जाता है।
डिस्क्लेमर:यह जानकारी ज्योतिष और सामुद्रिक शास्त्र की मान्यताओं पर आधारित है। इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है और यह केवल सामान्य जानकारी के लिए दी गई है।

