Weather Update: धूल-मिट्टी भरे तूफान और भीषण गर्मी का डबल अटैक, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 09:38 AM (IST)

 नारी डेस्क:  देशभर में नौतपा की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर और ज्यादा तीखे कर दिए हैं। आने वाले कुछ दिनों में लोगों को भीषण लू, उमस और तेज गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में धूल-मिट्टी भरे रेतीले तूफान की चेतावनी भी जारी की है। हालांकि राहत की खबर यह है कि महीने के आखिर तक मौसम करवट ले सकता है और कई इलाकों में बारिश शुरू होने की संभावना जताई गई है।

अगले 9 दिन पड़ेगी झुलसा देने वाली गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक आज से नौतपा शुरू हो चुका है, जिसका असर अगले 9 दिनों तक देखने को मिलेगा। इस दौरान उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी, वहीं रात में भी उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

PunjabKesari

धूल-मिट्टी वाले तूफान का भी खतरा

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक धूल भरे तूफान आने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ उड़ने वाली धूल लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने खासकर दोपहर और शाम के समय सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक तेज हवाओं के कारण विजिबिलिटी कम हो सकती है और बाहर निकलने वाले लोगों को आंखों और सांस से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं।

29 मई के बाद बदल सकता है मौसम

भीषण गर्मी के बीच राहत की उम्मीद भी नजर आ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि 29 मई के बाद कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसकी बड़ी वजह एक तरफ मानसून की आगे बढ़ती गतिविधियां हैं, तो दूसरी तरफ नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है। बताया जा रहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2-3 दिनों में अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। वहीं 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखना शुरू हो सकता है।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:  रात में रोज 3 बजे उठकर यूरिन आना क्या Normal है? जानिए कारण

दिल्ली में तीन दिन बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

राजधानी दिल्ली में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी है। बीते दिन अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई तक दिल्ली में धूल भरी आंधी और लू का असर बना रहेगा। इसके बाद 28, 29 और 30 मई को मौसम बदल सकता है। आसमान में बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

15 राज्यों में भीषण लू की चेतावनी

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, विदर्भ, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं, जबकि रात में उमस लोगों को परेशान कर सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से कम निकलने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।

PunjabKesari

कई राज्यों में बारिश और आंधी का अनुमान

एक तरफ जहां कुछ राज्यों में गर्मी लोगों को बेहाल करेगी, वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों में बारिश भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड और पंजाब समेत कई राज्यों में 30 मई तक हल्की से भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक और तेज आंधी की भी संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाने का अनुमान है।

गर्मी और लू से बचने के लिए रखें इन बातों का ध्यान

भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी है। डॉक्टरों के अनुसार लोगों को ज्यादा देर धूप में रहने से बचना चाहिए। बाहर निकलते समय सिर ढककर रखें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

गर्मी में हल्का भोजन करें, ज्यादा कैफीन और तला-भुना खाना खाने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है क्योंकि वे हीटवेव का सबसे जल्दी शिकार हो सकते हैं।   

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static