देश के 25 राज्यों में मौसम का कहर, भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 03:48 PM (IST)
नारी डेस्क : जहां भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है, वहीं अब कुछ राहत की खबर भी सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के बड़े हिस्से के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है। आने वाले एक सप्ताह में करीब 25 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है, जिससे कई इलाकों में गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अभी भी लू और उमस का असर बना रहेगा।
कहां पहुंचा मानसून
मानसून ने इस समय केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पूर्वोत्तर राज्यों, असम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2–3 दिनों में ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मानसून के आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। साथ ही मुंबई में अगले 48 घंटों के भीतर मानसून के पहुंचने की संभावना है।

किन राज्यों में कब होगी बारिश?
दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, बिहार, झारखंड और उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून के 5 जुलाई तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। 10 जून को पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के राज्यों में भी कई जगहों पर बौछारें पड़ने की संभावना है।
यें भी पढ़ें : ब्रेस्ट कैंसर के छिपे संकेत: सिर्फ गांठ नहीं, इन शुरुआती लक्षणों को भी न करें नजरअंदाज
उत्तर भारत में आंधी-तूफान और पड़ेंगे औले
11 जून को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मौसम अचानक बदल सकता है। इन राज्यों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है।

12 से 14 जून तक का पूर्वानुमान
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 14 जून तक धूलभरी आंधी और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। IMD ने अगले 2 दिनों के लिए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और कुछ तटीय इलाकों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। आने वाले दिन देश के कई हिस्सों के लिए मौसम के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। कहीं भारी बारिश तो कहीं लू का असर देखने को मिलेगा, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

