वॉटर बर्थ: जब टब बन जाता है डिलीवरी रूम! कितना सेफ है ये नया ट्रेंड?
punjabkesari.in Sunday, Aug 17, 2025 - 10:50 AM (IST)

नारी डेस्क: गर्भावस्था एक महिला के जीवन का बेहद खास और नाजुक दौर होता है। इस समय हर मां अपने और अपने बच्चे के लिए सबसे बेहतर और सुरक्षित डिलीवरी का विकल्प चाहती है। आज भी ज्यादातर महिलाएं नॉर्मल डिलीवरी या सीजेरियन (C-Section) को ही प्राथमिकता देती हैं, लेकिन अब एक नया और नेचुरल तरीका धीरे-धीरे लोकप्रिय हो रहा है, जिसे कहते हैं वॉटर बर्थ डिलीवरी।
क्या होता है वॉटर बर्थ डिलीवरी में?
वॉटर बर्थ डिलीवरी का मतलब है कि महिला गर्म पानी से भरे एक टब या पूल में बच्चे को जन्म देती है। इसमें लेबर पेन (प्रसव पीड़ा) के दौरान और डिलीवरी के समय महिला पानी में ही रहती है। यह तरीका माना जाता है कि मां और बच्चे दोनों के लिए आरामदायक और नेचुरल होता है।
डॉक्टरों की राय क्या कहती है?
वॉटर बर्थ डिलीवरी एक सुरक्षित विकल्प हो सकता है, बशर्ते इसे एक प्रशिक्षित मेडिकल टीम की निगरानी में किया जाए। दुनिया भर में यह तरीका अब अपनाया जा रहा है, और भारत में भी कुछ महिलाएं इसे चुनने लगी हैं।
ये भी पढ़ें: ब्रा की रगड़ से ब्रेस्ट के पास स्किन हो गई है काली, तो ये हो सकती है कैंसर की निशानी, जानें डाक्टर की राय
वॉटर बर्थ डिलीवरी के फायदे
दर्द कम महसूस होता है – गर्म पानी शरीर को रिलैक्स करता है, जिससे लेबर पेन कम तीव्र महसूस होता है।
तनाव और डर कम होता है – पानी में रहने से महिला का तनाव घटता है और आत्मविश्वास बढ़ता है।
सीजेरियन की संभावना घटती है – कुछ शोधों में बताया गया है कि वॉटर बर्थ से सी-सेक्शन का खतरा कम हो सकता है।
बच्चे को आराम मिलता है – बच्चा गर्भ में नौ महीने फ्लूड (तरल) में रहता है, इसलिए पानी में जन्म लेना उसके लिए अधिक सहज हो सकता है।
मां की रिकवरी जल्दी होती है – पानी की वजह से शरीर पर दबाव कम पड़ता है, जिससे डिलीवरी के बाद शरीर जल्दी ठीक होता है।
क्या यह तरीका सभी के लिए सुरक्षित है?
वॉटर बर्थ डिलीवरी सामान्य परिस्थितियों में एक सुरक्षित और सुखद अनुभव हो सकता है। लेकिन ये जरूरी है कि महिला की मेडिकल हिस्ट्री, प्रेग्नेंसी की स्थिति और बच्चे की हेल्थ को ध्यान में रखकर ही यह तरीका अपनाया जाए। यह डिलीवरी केवल तभी की जानी चाहिए जब डॉक्टर इसे उपयुक्त समझें। कुछ मामलों में जहां जटिलताएं हों (जैसे हाई ब्लड प्रेशर, जुड़वां बच्चे या कोई अन्य रिस्क), वहां वॉटर बर्थ नहीं की जाती।
अगर गर्भवती महिला पूरी तरह स्वस्थ है और डॉक्टर की अनुमति मिलती है, तो वॉटर बर्थ डिलीवरी एक बेहतरीन, आरामदायक और नेचुरल विकल्प हो सकता है। यह डिलीवरी का एक ऐसा अनुभव बन सकता है, जिसे मां जीवनभर याद रखे।
लेकिन याद रखें हर डिलीवरी अलग होती है, इसलिए जो भी तरीका चुनें, डॉक्टर से सलाह जरूर लें।