विशाल-शेखर का 25 साल का संगीत सफर मुंबई में दिग्गज अंदाज में हुआ खत्म
punjabkesari.in Monday, Sep 15, 2025 - 02:38 PM (IST)

नारी डेस्क: भारत के सबसे लोकप्रिय और दिलों को छू लेने वाले संगीत जोड़ी विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी ने 13 सितंबर 2025 को मुंबई के NSCI डोम, SVP स्टेडियम, वर्ली में अपने सिल्वर जुबली टूर का भव्य समापन किया। यह शो ट्राइबवाइब एंटरटेनमेंट के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें हजारों संगीत प्रेमी एक साथ जुड़कर विशाल-शेखर के 25 साल के यादगार सफर का जश्न मनाए।
दिल्ली-एनसीआर के बाद मुंबई में भी छाया संगीत का जादू
दिल्ली-एनसीआर में आयोजित शानदार शो के बाद, विशाल-शेखर ने मुंबई में एक बार फिर अपनी संगीत की ताकत का परिचय दिया। 18,000 से ज्यादा दर्शकों ने उनके साथ गाना गाते हुए इस सिल्वर जुबली का जश्न बनाया। ‘Visa Presents Vishal-Sheykhar Live’ टूर, जो HDFC बैंक के सहयोग से आयोजित हुआ, ने बॉलीवुड के इन दिग्गज संगीतकारों को एक बार फिर मंच पर चमकाया।
‘दीवानी दीवानी’ से लेकर ‘चम्मक छलो’ तक, दर्शकों ने लगाए ठुमके
शो की शुरुआत ‘दीवानी दीवानी’ से हुई और फिर निरंतर हिट गीतों की झड़ी लगी जैसे ‘राइट हियर राइट नाउ’, ‘दस बहाने’, ‘द डिस्को सॉन्ग’, ‘तु मेरी’, ‘देसी गर्ल’, ‘ओह ला ला’, ‘राधा’, ‘बचना ऐ हसीनों’ और बहुत कुछ। शानदार विजुअल्स, आतिशबाजी और कंफेटी के बीच यह शो सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि भारत का सबसे बड़ा सिंग-अलॉन्ग अनुभव बन गया।
सरप्राइज परफॉर्मेंस और रंग-बिरंगी यादें
शो का सबसे खास पल तब आया जब सलीम मर्चेंट अचानक विशाल ददलानी के साथ ‘कुर्बान हुआ’ गाने पर मंच साझा किया। इस पर दर्शक जमकर झूम उठे। इसके अलावा रंग-बिरंगे गुब्बारे भी दर्शकों पर बरसाए गए, जिससे माहौल और भी रोमांचक हो गया। इस जश्न में बॉलीवुड और म्यूजिक जगत के कई सितारे जैसे जादेन, सलीम-सुलैमान, सयानी गुप्ता, तनमय भट, सोफी चौधरी, रोशन अब्बास, मेहरिन पिरजादा और अकासा सिंह भी मौजूद थे।
विशाल और शेखर ने जताई आभार और साझा किए जज्बात
विशाल ददलानी ने कहा, “यह 25 साल का सफर बहुत खूबसूरत रहा। यह शो हमारी उन सभी फैंस को धन्यवाद कहने का तरीका है जो हमारे साथ इस यात्रा में रहे।” वहीं शेखर रवजियानी ने जोड़ा, “यह कॉन्सर्ट हमारे साथ बिताए गए हर लम्हे का जश्न है। हम ऊर्जा, हिट्स और यादों को मंच पर वापस ला रहे हैं।”
संगीत ने जोड़े दिल, बनाया एक परिवार
शो के दौरान स्टेडियम में मौजूद हर व्यक्ति की भावनाएं संगीत के साथ गूंज रही थीं। दोस्त, परिवार और प्रेमी हाथों में हाथ डाले झूम रहे थे। कई लोग अपनी भावनाओं को छुपा नहीं पाए और गाना गाते हुए आंसू बहा रहे थे। दर्शकों के हाथों में प्लेकार्ड पर अपने प्यारे संदेश लहराते नजर आए। यह पल दिखाता है कि विशाल-शेखर ने सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि एक मजबूत फैनबेस भी बनाया है।
शो के आयोजकों और पार्टनर्स का योगदान
विजा इंडिया के कंट्री मैनेजर ऋषि छाबड़ा ने कहा, “विजा का मकसद है लोगों को जोड़ना और जीवन के सुखद अनुभव देना। विशाल-शेखर के साथ हमारा साझेदारी यह साबित करती है कि संगीत कैसे हमें एक साथ ला सकता है।” ट्राइबवाइब एंटरटेनमेंट के फाउंडर एवं सीईओ शोवेन शाह ने कहा, “विशाल-शेखर भारतीय संगीत के सच्चे आइकन हैं। हमारा लक्ष्य है कि हम ऐसे बड़े और यादगार अनुभव प्रस्तुत करें जो कलाकारों और फैंस को करीब लाएं।”
अंतिम गीत के साथ गूंजा हर दिल का सुर
जब ‘चम्मक छलो’ की पहली धुन बजे, तो स्टेडियम में मौजूद हर आवाज एक हो गई। यह आवाज विशाल-शेखर और उनके फैंस के 25 साल पुराने रिश्ते की गवाही थी। यह सिल्वर जुबली टूर संगीत की एक ऐसी यादगार शाम बन गया जिसे भारत का कोई भी संगीत प्रेमी कभी नहीं भूलेगा।
इस जादुई शाम ने सभी को एक साथ जोड़ा और संगीत के जश्न को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया।