उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर क्रैश: 6 लोगों की मौत, एक घायल, मुख्यमंत्री ने जांच के दिए आदेश

punjabkesari.in Thursday, May 08, 2025 - 12:53 PM (IST)

नारी डेस्क:  उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के गंगनानी में आज सुबह एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 1 शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा जंगल में हुआ, जहां हेलीकॉप्टर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। यह हादसा गंगोत्री धाम जा रहे श्रद्धालुओं का था, जिसमें 7 लोग सवार थे। दुर्घटना की वजह अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन प्राथमिक जांच में खराब मौसम या हेलीकॉप्टर में तकनीकी खामी की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और जल्द रिपोर्ट तलब की है।

हादसे में 5 महिलाओं सहित 6 लोगों की मौत

हादसे में 5 महिलाएं और पायलट की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल ने हादसे की पुष्टि की है। मृतक सभी कर्नाटका, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश से थे, जो गंगोत्री धाम यात्रा पर जा रहे थे। हेलीकॉप्टर ने देहरादून से उड़ान भरी थी और खरसाली में उतरने की योजना थी, लेकिन गंगनानी के पास स्थित नाग मंदिर के पास क्रैश हो गया।

गंभीर रूप से घायल एक शख्स अस्पताल में भर्ती

हादसे में एक आंध्र प्रदेश निवासी शख्स घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। हेलीकॉप्टर गिरते हुए लोगों ने देखा और जल्द ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से पहले घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को बचाया और अस्पताल पहुंचाया। मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए घायलों को हर संभव सहायता देने का आदेश दिया है।

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान की नापाक हरकत: पुंछ में गोलाबारी के बीच गुरुद्वारे पर हमला,15 नागरिकों की मौत, 43 घायल

हेलीकॉप्टर क्रैश में मृतकों और घायलों की सूची

कला सोनी (महिला) – 61 साल, मुंबई, महाराष्ट्र

विजया रेड्डी (महिला) – 57 साल, मुंबई, महाराष्ट्र

रुचि अग्रवाल (महिला) – 56 साल, मुंबई, महाराष्ट्र

राधा अग्रवाल (महिला) – 79 साल, उत्तर प्रदेश

वेदवती कुमारी (महिला) – 48 साल, आंध्र प्रदेश

रॉबिन सिंह (पुरुष) – 60 साल, गुजरात, पायलट

भास्कर (पुरुष) – 51 साल, आंध्र प्रदेश (घायल)

मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार हादसे के पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायल व्यक्तियों को शीघ्र और उचित इलाज प्रदान किया जाए और जांच प्रक्रिया को तेज़ किया जाए।

संभावित कारणों की जांच जारी

हेलीकॉप्टर क्रैश का कारण अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन खराब मौसम और हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और जल्द ही हादसे का पूरा कारण सामने आने की उम्मीद है।
  


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static