अगर हाथ में हैं ये रेखाएं, तो हो सकती हैं दो शादियां
punjabkesari.in Sunday, Jun 22, 2025 - 03:22 PM (IST)

नारी डेस्क: हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार इंसान की हथेली पर बनी रेखाएं उसके भूत, भविष्य और वर्तमान के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां देती हैं। इन्हीं रेखाओं में से एक है विवाह रेखा जो व्यक्ति के प्रेम, शादी और जीवनसाथी से जुड़े कई संकेत देती है। यह रेखा छोटी उंगली के नीचे, हृदय रेखा के ऊपर, हथेली के किनारे से शुरू होकर बुध पर्वत की ओर जाती है। इसी रेखा को देखकर यह जाना जा सकता है कि व्यक्ति की शादी लव होगी या अरेंज, रिश्ता मजबूत रहेगा या कमजोर और यहां तक कि एक से ज्यादा विवाह के योग हैं या नहीं।
जानें क्या आपकी हथेली में छिपी है दो शादियों की संभावना
हस्तरेखा शास्त्र में बताया गया है कि यदि किसी व्यक्ति की हथेली में एक से ज्यादा विवाह रेखाएं हों तो इसका सीधा मतलब है कि उसकी किस्मत में एक से ज्यादा विवाह या गहरे प्रेम संबंध हो सकते हैं। इन रेखाओं की गहराई, रंग और दिशा के अनुसार ये भी जाना जा सकता है कि रिश्ते टिकाऊ होंगे या नहीं और जीवनसाथी से सुख मिलेगा या नहीं।
विवाह रेखा का रंग: गुलाबी और गहरा होना क्या बताता है?
अगर आपकी विवाह रेखा शुरुआत में हल्की हो लेकिन आगे चलकर गुलाबी या गहरी हो जाती है तो यह इस बात का संकेत है कि आपके वैवाहिक जीवन की शुरुआत में थोड़ा उत्साह या सामंजस्य की कमी हो सकती है। लेकिन समय के साथ-साथ रिश्ता गहराता चला जाएगा और आप दोनों का संबंध मजबूत और स्थिर हो जाएगा। इस प्रकार की रेखा यह भी दर्शाती है कि समय के साथ जीवनसाथी के साथ बेहतर समझ विकसित होगी।
ये भी पढ़े: 27 जून से शुरू हो रही है भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, जानें रथ खींचने से जुड़े नियम और मान्यताएं
गहरी और स्पष्ट विवाह रेखा का महत्व
अगर आपकी विवाह रेखा साफ, सीधी और गहरी है, तो यह अत्यंत शुभ मानी जाती है। विशेषकर जब यह रेखा चंद्र पर्वत से निकलकर भाग्य रेखा से मिलती है, तो इसका अर्थ है कि व्यक्ति का विवाह समृद्ध और प्रतिष्ठित परिवार में होगा और ससुराल से भरपूर सहयोग व सम्मान मिलेगा। इस तरह की रेखा वाले लोगों को विवाह के बाद आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से भी लाभ मिलता है।
विवाह रेखाएं एक से अधिक होने का संकेत क्या देता है?
अगर किसी व्यक्ति की हथेली में एक से ज्यादा विवाह रेखाएं हैं तो इसका अर्थ केवल दो विवाह नहीं होता। यह इस बात की ओर भी इशारा कर सकता है कि उस व्यक्ति के दो या अधिक गहरे प्रेम संबंध बन सकते हैं, या वैवाहिक जीवन में कोई बड़ा मोड़ या परिवर्तन आ सकता है। कभी-कभी इन रेखाओं का अर्थ यह भी होता है कि पहले रिश्ते में कुछ परेशानी के बाद नया रिश्ता बन सकता है।
अगर आपकी हथेली में एक से ज्यादा रेखाएं हैं, तो इसका मतलब यह नहीं कि निश्चित रूप से दो विवाह होंगे, बल्कि यह केवल एक संकेत हो सकता है, जिसे समझकर आप अपने जीवन के निर्णय अधिक सावधानी से ले सकते हैं।