टीवी की ‘गोपी बहू’ जिया मानेक ने लिए सात फेरे, शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर हुईं वायरल
punjabkesari.in Thursday, Aug 21, 2025 - 12:08 PM (IST)

नारी डेस्क: टीवी के लोकप्रिय शो ‘साथ निभाना साथिया’ की मशहूर एक्ट्रेस जिया मानेक शादी के बंधन में बंध गई हैं। उन्होंने टीवी एक्टर वरुण जैन के साथ सात फेरे लिए। शादी की खुशखबरी और तस्वीरें जिया ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
जिया मानेक लंबे समय से टीवी इंडस्ट्री से दूर थीं, लेकिन अब उनकी शादी की तस्वीरें और खबरें उनके फैंस के लिए खास तोहफा साबित हुई हैं। दोनों ने इंस्टाग्राम पर शादी की दो खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें उन्होंने दिल को छू लेने वाला कैप्शन भी लिखा है।
कैप्शन में जिया और वरुण ने लिखा है, “ईश्वर की कृपा और अपार प्रेम के साथ हाथों में हाथ डाले और दिल से दिल मिलाकर हम नए जीवन में कदम रख चुके हैं। पहले हम दो दोस्त थे और अब पति-पत्नी बन गए हैं। हम अपने सभी प्रियजनों के प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए बहुत आभारी हैं जिन्होंने इस दिन को इतना खास बनाया। अब हम श्रीमान और श्रीमती जिया और वरुण हैं।”
शादी साउथ इंडियन रीति-रिवाजों से हुई है, जिसे उनकी तस्वीरों से भी साफ देखा जा सकता है। जिया ने येलो कलर की साड़ी पहन रखी थी, साथ ही गोल्ड ज्वेलरी और बालों में गजरा लगाकर अपने ब्राइड लुक को बेहद खास बनाया। उनके हाथों में लाल रंग की चूड़ा भी नजर आई। वरुण जैन भी लाइट येलो रंग के पारंपरिक आउटफिट में बहुत सुंदर दिखे।
यह शादी दोनों के लिए नए जीवन की शुरुआत है और फैंस भी उनके इस नए सफर के लिए बहुत खुश हैं। शादी की यह तस्वीरें और खुशखबरी सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही हैं।