अमर रहने की चाहत! ब्रायन जॉनसन की पार्टी में 100 सीटों के लिए 3,000 लोगों ने किया आवेदन
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 12:54 PM (IST)
नारी डेस्क : सिलिकॉन वैली के टेक गलियारों में इन दिनों एआई के साथ-साथ एक और विषय लोगों का ध्यान खींच रहा है और वह है लंबी उम्र और बुढ़ापे को धीमा करने की चाहत। टेक उद्यमी और लॉन्गेविटी प्रचारक ब्रायन जॉनसन की एक प्राइवेट पार्टी में शामिल होने के लिए लोगों में ऐसा उत्साह देखने को मिला कि 100 सीटों के लिए 3,000 से ज्यादा टेक दिग्गजों और प्रोफेशनल्स ने आवेदन कर दिया। आयोजन में शामिल होने वालों को जॉनसन की जीवनशैली और लंबी उम्र से जुड़े तरीकों को करीब से जानने का मौका मिलना था। पार्टी का माहौल भी सामान्य पार्टियों से बिल्कुल अलग था।
हल्दी-अदरक वाला जूस और पुश-अप्स
‘लॉन्गेविटी नाइट’ में मेहमानों को सामान्य ड्रिंक के बजाय एक खास पेय दिया गया, जिसमें संतरे का जूस, गाजर का रस, अदरक और हल्दी शामिल थी। खाने में सालमन मछली, उबली सब्जियां और कच्ची सब्जियों का सलाद परोसा गया। मॉकटेल्स भी मेन्यू का हिस्सा थे। पार्टी में मेहमानों ने पुश-अप्स किए और अलग-अलग फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया। हॉल के एक हिस्से में सांस से जुड़े व्यायाम कराए गए, ताकि प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता का आकलन किया जा सके।

एक पैर पर खड़े होकर दिया बैलेंस टेस्ट
कार्यक्रम में टेक इंजीनियर एक तरफ स्क्रीन पर कोडिंग करते नजर आए, वहीं दूसरे हिस्से में लोग एक पैर पर खड़े होकर अपना बैलेंस टेस्ट देते दिखे। मेहमानों की जैविक उम्र का अनुमान लगाने के लिए एआई कैमरे से चेहरे का स्कैन भी किया गया। इसमें चेहरे पर झुर्रियों जैसे संकेतों के आधार पर उम्र का अनुमान लगाया गया।
यें भी पढ़ें : दिमाग की नस फटने से 1 दिन पहले शरीर देता है ये संकेत, लापरवाही सबसे बड़ी गलती
ब्रायन जॉनसन ने मेहमानों को किया मोटिवेट
ब्रायन जॉनसन खुद भी कार्यक्रम में सक्रिय नजर आए। वह अपने गार्ड और डॉग के साथ घूमते हुए लोगों को एक्सरसाइज के लिए प्रोत्साहित करते रहे। इस दौरान वह मेहमानों से पुश-अप्स जारी रखने के लिए कहते नजर आए। जॉनसन लंबे समय से उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने और लंबी उम्र हासिल करने के प्रयासों के लिए चर्चा में रहे हैं। वह अपनी सेहत और जीवनशैली पर बड़ी रकम खर्च करने के लिए भी जाने जाते हैं।

सबका एक ही सवाल—जिंदगी लंबी कैसे होगी?
पार्टी में टेक दिग्गजों और प्रोफेशनल्स की दिलचस्पी का मुख्य केंद्र जॉनसन और उनकी टीम थी। लोग जानना चाहते थे कि लंबी और स्वस्थ जिंदगी जीने के लिए कौन-से तरीके अपनाए जा सकते हैं। हालांकि, लंबी उम्र के लिए कोई ऐसा वैज्ञानिक रूप से साबित ‘जादुई शॉर्टकट’ मौजूद नहीं है, जो इंसान को अमर बना सके। स्वस्थ आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और बीमारियों की समय पर जांच जैसे उपाय स्वस्थ उम्र बढ़ाने में मदद कर सकते हैं, लेकिन इन्हें अमरता की गारंटी नहीं माना जा सकता।
यें भी पढ़ें : Stage 4 Lung Cancer से जंग जीत चुके हैं संजय दत्त, बताया कैसे फेफड़ों के कैंसर को दी मात
‘मैं भी मरूंगा, लेकिन बुढ़ापे से नहीं’
कार्यक्रम के अंत में वेंचर कैपिटलिस्ट सारा गुओ ने ब्रायन जॉनसन का इंटरव्यू लिया। इस दौरान जॉनसन ने अपनी मृत्यु को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा कि वह जानते हैं कि एक दिन उनकी मौत होगी, लेकिन जरूरी नहीं कि इसकी वजह बुढ़ापा ही हो। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर उनकी मौत किसी दुर्घटना या किसी अप्रत्याशित घटना से होती है, तो लोग उनकी मौत पर खुलकर हंस सकते हैं। ब्रायन जॉनसन की यह पार्टी भले ही अलग तरह की रही हो, लेकिन इसने सिलिकॉन वैली में बढ़ती लॉन्गेविटी और हेल्दी एजिंग की दिलचस्पी को जरूर सामने ला दिया है।

