दुनिया का सबसे खतरनाक चर्च, ट्रैवल व्लॉगर ने शेयर किया वायरल वीडियो
punjabkesari.in Friday, Apr 25, 2025 - 04:49 PM (IST)

नारी डेस्क: दुनिया में कई चर्च ऐसे हैं, जहां जाकर लोग शांति और आध्यात्मिक अनुभव पाते हैं। लेकिन कुछ चर्च इतने खास होते हैं कि वहां पहुंचना खुद में एक बड़ा साहसिक काम होता है। आज हम आपको एक ऐसे ही चर्च के बारे में बताएंगे, जिसे दुनिया का 'सबसे खतरनाक चर्च' कहा जाता है। यह चर्च उत्तरी इथियोपिया (Northern Ethiopia) में एक ऊंची चट्टान के ऊपर स्थित है। इसका नाम है 'अबुना यामातो गुह' (Abuna Yamato Guh)। यह चर्च न सिर्फ आपकी आत्मा को सुकून देगा, बल्कि इसकी बनावट और स्थान देखकर आपकी सांसे थम जाएंगी।
चट्टानों के बीच बसा चर्च
अगर आप सोच रहे हैं कि इस चर्च तक पहुंचना आसान है, तो आप गलत हैं। यहां का रास्ता इतना जोखिम भरा है कि ज़रा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। ऊंची और खड़ी चट्टानों पर चढ़ाई करते हुए ही यहां तक पहुंचा जा सकता है। सोशल मीडिया पर एक ट्रैवल व्लॉगर ने इंस्टाग्राम अकाउंट 'colinduthie' से एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह इस चर्च तक पहुंचने के रोमांचक और जोखिम भरे सफर को दिखा रहे हैं।
वीडियो की शुरुआत में व्लॉगर खतरनाक चट्टान के किनारे खड़ा नजर आता है। वह अपने साथी यात्रियों के साथ एक मुश्किल और पथरीले रास्ते से गुजरता है। फिर एक सफेद लबादा पहने पादरी उन्हें रास्ता दिखाते हैं और अंततः वे चर्च तक पहुंच जाते हैं।
ये भी पढ़े: खाटू श्याम मंदिर में युवक ने किया बवाल, की ऐसी हरकत, वीडियो हुआ वायरल
गुफा के अंदर बसा है यह चर्च
यह चर्च पहाड़ी चट्टान के ऊपर बनी एक गुफा के अंदर स्थित है। इस गुफा के अंदर बाइबिल से जुड़ी पुरानी शिलालेखें, चित्र और शास्त्र मौजूद हैं। व्लॉगर को पादरी 500 साल पुरानी बाइबिल भी दिखाते हैं, जो इस चर्च के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती है।
2000 साल पुराना चर्च
इस वीडियो में बताया गया है कि यह चर्च लगभग 2000 साल पुराना है। इसे इथियोपिया के टिग्रे क्षेत्र की चट्टानों में बनाया गया था। वीडियो में दिखाया गया पादरी हर दिन इस खतरनाक पहाड़ी पर चढ़कर चर्च की देखभाल करता है। इतना ही नहीं, उसके पिता भी करीब 40 साल तक इस चर्च की सेवा करते रहे। व्लॉगर के अनुसार, इस जगह पर जाना उनके जीवन का एक अविस्मरणीय अनुभव था। उन्होंने इसे एक आशीर्वाद की तरह बताया।
वीडियो हुआ वायरल
ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। अब तक इसे 19.9 मिलियन लोग देख चुके हैं और हजारों लोग इसे शेयर कर चुके हैं। इस वीडियो पर लोगों ने दिलचस्प प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा, "यकीन नहीं होता कि कोई चर्च इतनी ऊंचाई पर भी हो सकता है।" दूसरे यूजर ने लिखा, "अगर मैं इस चर्च तक पहुंचने की यात्रा करता, तो पूरे रास्ते अपने जीवन के लिए प्रार्थना करता।"
इस तरह अबुना यामातो गुह चर्च एक ऐसा धार्मिक और रोमांचक स्थल है, जो साहस, आस्था और इतिहास का अद्भुत मेल है।