मीडिया के कारण महारानी एलिजाबेथ के पोते की जिंदगी हुई बर्बाद, अपना दर्द सुनाते-सुनाते रो पड़े Prince

punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 03:49 PM (IST)

नारी डेस्क: प्रिंस हैरी ने ‘डेली मेल' समाचार पत्र के प्रकाशक के खिलाफ बुधवार को अपनी गवाही की शुरुआत में रक्षात्मक रुख अपनाया और कुछ घंटे बाद नम आंखों के साथ गवाह कठघरे से उतरे। हैरी ने पत्रकारों द्वारा उनकी जिंदगी से जुड़ी जानकारियां वैध स्रोतों के जरिए प्राप्त किए जाने की बात को खारिज किया। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि सुर्खियों में रही उनकी जिंदगी तथा ब्रिटिश मीडिया के खिलाफ उनकी लड़ाई ने उन पर एवं उनके परिवार पर किस तरह असर डाला है।

PunjabKesari
कोर्ट में रो पड़े हैरी

 हैरी ने लंदन के उच्च न्यायालय में रुंधे गले से कहा- ‘‘वे लगातार मेरे पीछे पड़े हैं, उन्होंने मेरी पत्नी की जिंदगी पूरी तरह दुश्वार कर दी है।'' हैरी के अलावा गायक सर एल्टन जॉन और अभिनेत्री एलिजाबेथ हर्ले समेत छह प्रमुख हस्तियों के वकील डेविड शेरबोर्न के अनुसार उन्होंने आरोप लगाया कि ‘एसोसिएटेड न्यूजपेपर्स लिमिटेड' ने ‘‘अवैध तरीके से जानकारी जुटाने की स्पष्ट, सुनियोजित और लगातार'' प्रक्रिया अपनाकर दो दशक तक उनकी निजता का हनन किया। प्रकाशक ने इन आरोपों से इनकार किया है, उन्हें बेबुनियाद बताया है और कहा है कि जिन करीब 50 लेखों पर आपत्ति जताई गई है, वे ऐसे स्रोतों के आधार पर लिखे गए थे जिनमें अपने मशहूर मित्रों के बारे में जानकारी देने को तैयार करीबी परिचित भी शामिल हैं। 


हैरी  से पूछे गए कई सवाल

हैरी ने 23 पृष्ठों के अपने बयान में कहा कि उनकी शुरुआती जिंदगी में ‘डेली मेल' और ‘मेल ऑन संडे' द्वारा की गई दखलअंदाजी से वह व्यथित एवं परेशान थे और इसके कारण वह ‘‘हद से ज्यादा आशंकित'' हो गए। गवाही के दौरान हैरी ने दाहिने हाथ में एक छोटी बाइबिल पकड़ी हुई थी। उन्होंने गवाही देने से पहले वचन दिया कि वह जो कहेंगे सच कहेंगे और सच के सिवा कुछ नहीं कहेंगे। बचाव पक्ष के वकील एंटनी व्हाइट ने जब हैरी से सवाल करने शुरू किए तो हैरी ने इस बात को खारिज किया कि वह शाही परिवार संबंधी जानकारी कवर करने वाले पत्रकारों से उनका व्यवहार मित्रवत था या अखबारों को उनके बारे में जानकारी उनके दोस्तों ने दी। व्हाइट के सवालों का जवाब देते हुए हैरी अत्यधिक रक्षात्मक रुख अपनाते दिखे, जिस पर व्हाइट ने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि आपके साथ मेरा अनुभव खराब न हो लेकिन आपसे सवाल पूछना मेरा काम है।'' 

PunjabKesari
हैरी ने मीडिया को बताया मां की मौत का जिम्मेदार

हैरी ने कहा कि मीडिया के साथ उनका रिश्ता कई वर्षों तक ‘‘असहज'' रहा लेकिन वह ‘‘कभी शिकायत नहीं करने, कभी सफाई नहीं देने'' के शाही परिवार के प्रोटोकॉल का पालन करते रहे। हैरी मीडिया को अपनी मां राजकुमारी डायना की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हैं। डायना की 1997 में पेरिस में एक कार दुर्घटना में उस समय मौत हो गई थी जब मीडियाकर्मी उनके पीछे थे। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी मेगन पर मीडिया के ‘‘लगातार हमलों के कारण ही'' उन्होंने 2020 में शाही जीवन छोड़ दिया और वे अमेरिका चले गए। उन्होंने कहा कि मेगन पर ‘‘क्रूर एवं लगातार हमलों'', उत्पीड़न और नस्लवादी लेखों के कारण उन्हें अपनी पारिवारिक परंपरा से हटकर प्रेस पर आखिरकार मुकदमा करना पड़ा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static