आज  4 घंटे भक्तों को दर्शन नहीं देंगे भगवान जगन्नाथ, बंद हो रहे हैं कपाट

punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 04:58 PM (IST)

नारी डेस्क:   श्री जगन्नाथ मंदिर सोमवार शाम एक विशेष अनुष्ठान के कारण चार घंटे तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। मंदिर प्रशासन ने एक सार्वजनिक सूचना में इसकी जानकारी दी । श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है- "सोमवार, छह अप्रैल 2026 को पवित्र देवताओं का 'पैतालागी नीति' अनुष्ठान संपन्न किया जाएगा। इसलिए द्वितीय भोग मंडप अर्पण के बाद शाम छह बजे से रात 10 बजे तक आम दर्शन अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।"

PunjabKesari
 'पैतालागी' 12वीं सदी के इस मंदिर का एक विशेष अनुष्ठान है, जिसे दैतापति सेवक संपन्न करते हैं। इसमें त्रिदेव  भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ को 'पैता' नामक जनेऊ अर्पण किया जाता है। इस अनुष्ठान में विशेष रेशमी धागे से बने जनेऊ देवताओं को अर्पित किए जाते हैं, भगवान जगन्नाथ को पीला, भगवान बलभद्र को हरा और देवी सुभद्रा को लाल जनेऊ पहनाया जाता है । यह अनुष्ठान दिव्य सुरक्षा और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है और इसका गहरा आध्यात्मिक महत्व है, क्योंकि यह दिव्य ऊर्जा के नवीनीकरण और देवताओं की रक्षा का प्रतिनिधित्व करता है। 

PunjabKesari
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरविंद पाधी ने बताया कि इस बीच, मंदिर प्रशासन ने आठ अप्रैल को मंदिर के 'रत्न भंडार' (खजाना) की सूचीकरण प्रक्रिया के दूसरे चरण की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सूचीकरण के दौरान श्रद्धालुओं के दर्शन पर कोई रोक नहीं होगी। उन्होंने बताया- "रविवार और प्रमुख त्योहारों के दिनों में सूचीकरण नहीं किया जाएगा।'' 12वीं सदी के इस मंदिर में 'रत्न भंडार' की सूची बनाने का कार्य 25 मार्च से 48 साल के अंतराल के बाद शुरू हुआ है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static