पति-पत्नी और पंगा’ में रुबीना-अभिनव का इमोशनल किस्सा, गिफ्ट पर छलक पड़े आंसू
punjabkesari.in Friday, Aug 22, 2025 - 11:43 AM (IST)

नारी डेस्क : टीवी इंडस्ट्री का सबसे प्यारा और चर्चित कपल, रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला, हमेशा से ही फैंस के दिलों में खास जगह बनाए हुए है। इनकी लव स्टोरी और पति-पत्नी के रिश्ते की गहराई अक्सर सुर्खियों में रहती है। चाहे स्क्रीन पर हो या रियल लाइफ में, दोनों की बॉन्डिंग फैंस को बेहद रोमांचित और इंस्पायर करती है। हाल ही में दोनों रियलिटी शो ‘पति-पत्नी और पंगा’ में नजर आए, जहां उन्होंने अपने निजी जीवन की कुछ अनकही और भावुक बातें साझा कीं। इस दौरान एक ऐसा किस्सा सामने आया जिसने न सिर्फ रुबीना और अभिनव को इमोशनल कर दिया, बल्कि फैंस की आंखें भी नम कर दीं।
रुबीना का बर्थडे और नखरे
वीडियो में रुबीना अपने बर्थडे की यादें साझा करती हैं। वह बताती हैं कि कैसे वे हमेशा बर्थडे को स्पेशल बनाना चाहती थीं और नखरे दिखाया करती थीं। उन्होंने बताया कि एक बार अभिनव ने बर्थडे के लिए एक गिफ्ट बैग दिया और कहा, “हैप्पी बर्थडे।” रुबीना उस समय नाखुश हुईं और ट्रैंटम दिखाना शुरू कर दिया।
अभिनव हुए भावुक
रुबीना की प्रतिक्रिया पर अभिनव अचानक भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उस समय उनके पास पैसे नहीं थे। इस बात को याद कर उनका दिल भर आया। रुबीना ने आगे बताया कि उन्हें यह एहसास हुआ कि प्यार सिर्फ महंगे गिफ्ट्स में नहीं, बल्कि छोटी-छोटी चीजों में होता है। उन्होंने कहा, “मेरे पास कई ब्रांडेड बैग्स हैं, लेकिन अभिनव ने जो बैग दिया था, उसे उन्होंने खास तरीके से जिपलॉक में रखा था। यह प्यार की सबसे सच्ची निशानी है।
दृश्य बहुत इमोशनल था
जब रुबीना यह किस्सा सुना रही थीं, तो उनकी आवाज भर्रा गई और आंखों से आंसू छलक पड़े। वहीं दूसरी ओर, अभिनव भी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और चुपचाप आंसू पोछते नजर आए। सेट पर मौजूद सभी लोग उस पल की सच्चाई और गहराई को महसूस कर सकते थे। आखिरकार रुबीना ने अपने पति को गले लगा लिया और दोनों कुछ देर तक एक-दूसरे की बाहों में समाए रहे। यह दृश्य इतना भावुक था कि जिसने भी देखा उसकी आंखें भी नम हो गईं।
जिंदगी में आई थी खटास
हालांकि, आज यह कपल खुशहाल जिंदगी बिता रहा है, लेकिन उनके रिश्ते में एक समय ऐसा भी आया था जब दोनों अलग होने का सोच रहे थे। उन्होंने एक-दूसरे को छह महीने का समय दिया और अब दोनों अपने परिवार और बच्चों के साथ खुशहाल जीवन जी रहे हैं। रुबीना और अभिनव की दो बेटियां हैं, जिनकी झलक वे फैंस के साथ साझा करते रहते हैं।