ठिठुरते लोग, जमे पहाड़ ... कश्मीर में शुरू हुई बर्फबारी, 12 घंटों में और बिगड़ेगा मौसम
punjabkesari.in Monday, Dec 22, 2025 - 05:08 PM (IST)
नारी डेस्क: कश्मीर में हाल ही में हुई बारिश से रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है और दिन के तापमान में गिरावट आई है, मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में बर्फबारी या बारिश के एक और दौर की भविष्यवाणी की है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य तापमान से 6.4 डिग्री ज़्यादा है। रविवार को अधिकतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम है।

गुलमर्ग में शून्य से नीचे रहा तापमान
उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग एकमात्र मौसम स्टेशन था जहां तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया, पारा माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा। इसके बावजूद, इस स्की रिज़ॉर्ट में न्यूनतम तापमान साल के इस समय के सामान्य तापमान से चार डिग्री ज़्यादा रहा। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग ज़िले के पहलगाम रिज़ॉर्ट सहित अन्य मौसम स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस और 4.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। विभाग ने कश्मीर के ऊंचे इलाकों में मध्यम बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है।
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का दौर जारी
पंजाब और हरियाणा में सोमवार को भी ठंड का दौर जारी रहा, हालांकि दोनों राज्यों के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से कुछ डिग्री ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से एक डिग्री ज्यादा है। पंजाब के अन्य शहरों में भी ठंड की स्थिति बनी रही। पटियाला में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है वहीं पठानकोट में यह 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सामान्य से अधिक रहा तापमान
दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हरियाणा में भी ठंड का प्रभाव रहा, जहां अंबाला में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हिसार में 8.9 डिग्री और करनाल में नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दोनों ही शहरों में सामान्य से दो डिग्री अधिक है। हरियाणा के अन्य इलाकों में भी ठंड रही, नारनौल में न्यूनतम तापमान छह डिग्री, रोहतक में 10 डिग्री, भिवानी में सात डिग्री और सिरसा में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

