गर्भवती स्त्री के सामने आते ही सांप हो जाते हैं अंधे! बेहद अजीब है इसकी वजह
punjabkesari.in Thursday, Sep 18, 2025 - 10:23 AM (IST)

नारी डेस्क: सांप का नाम सुनते ही इंसान कांप जाता है, हर कोई उसके काटने से डरता है। पर क्या आपको मालूम है कि गर्भवती महिलाओं को सांप कभी नहीं काटता। वैसे तो इस बात का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है लेकिन शोध बताते हैं कि दुनियाभर में गर्भवती महिलाओं को सांप द्वारा काटे जाने की आशंका कम होती है।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण
सांप अंधविश्वासी नहीं होते। वे इंसानों को सिर्फ तभी काटते हैं जब उन्हें खतरा महसूस होता है या कोई उन पर पैर रख दे। गर्भवती महिला और सामान्य महिला/पुरुष में सांप के लिए कोई अंतर नहीं होता। इसलिए यह कहना कि सांप कभी भी गर्भवती महिला को नहीं काटते – गलत (झूठ) है।
इस वजह से बनी यह धारणा
गर्भावस्था में महिलाओं के शरीर से कुछ विशेष हार्मोन और गंध निकलती है। माना जाता है कि यह गंध सांप को असहज कर सकती है और वे दूरी बनाए रखते हैं। (लेकिन इसका कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण अभी तक नहीं है)। ज़्यादातर सांप इंसानों से डरते हैं और खुद ही रास्ता बदल लेते हैं। इस कारण से लोग सोचते हैं कि सांप खासतौर पर गर्भवती महिलाओं को नहीं काटते।
सांप और गर्भवती स्त्री से जुड़ी कथा
इस तथ्य का वर्णन ब्रह्मवैवर्त पुराण में मिलता है। ब्रह्मवैवर्त पुराण की कथा के अनुसार, एक बार एक गर्भवती स्त्री शिवालय में भगवान शिव की तपस्या कर रही थी. वह तपस्या में पूरी तरह से लीन थी. शिवालय में दो सांप आ गए और गर्भवती स्त्री को परेशान करने लगे. इस कारण स्त्री का ध्यान भंग हो गया. तपस्या भंग होने के कारण स्त्री के गर्भ में पल रहे शिशु ने पूरे सर्प वंश को श्राप दे दिया कि आज के बाद कोई भी सांप, नाग और नागिन जब भी किसी गर्भवती स्त्री के पास जाएगा तो वो अंधा हो जाएगा। इस घटना के बाद से ही ऐसी मान्यता प्रचलित हो गई कि गर्भवती स्त्री को देखकर सांप अंधे हो जाते हैं और उसे काटते भी नहीं है।
लोक मान्यता और अनुभव
वहीं गांवों और पुरानी पीढ़ियों में कुछ ऐसी घटनाएं हुई होंगी जहां गर्भवती महिला के सामने आने पर सांप पीछे हट गया हो। इससे यह विश्वास पुख्ता हो गया। यह धारणा आधा सच और आधा झूठ है। वैज्ञानिक दृष्टि से सांप गर्भवती महिला और किसी अन्य व्यक्ति में फर्क नहीं करते। परन्तु गर्भावस्था के दौरान निकलने वाली गंध/हार्मोन सांप के व्यवहार को प्रभावित कर सकते हैं, लेकिन इसका पक्का प्रमाण नहीं है। इसलिए गर्भवती महिलाओं को भी सांप से उतनी ही सावधानी रखनी चाहिए जितनी बाकी सभी लोगों को।