शाम होते ही क्यों भारी होने लगते हैं पैर? समझिए शरीर की इस गंभीर समस्या को
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 05:56 PM (IST)
नारी डेस्क: रात होते-होते अगर आपके पैर सूजे हुए दिखते हैं, भारी लगते हैं या जूते टाइट महसूस होने लगते हैं, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार यह सिर्फ थकान नहीं, बल्कि शरीर में ब्लड सर्कुलेशन (रक्त प्रवाह) से जुड़ी समस्या का संकेत भी हो सकता है। दिनभर खड़े रहने, बैठने या चलने से गुरुत्वाकर्षण के कारण शरीर का तरल (fluid) नीचे की ओर यानी पैरों में जमा होने लगता है। जब सर्कुलेशन ठीक से काम नहीं करता, तो यह सूजन (edema) के रूप में दिखने लगता है। आइए जानते हैं इसके कारण और उन 5 संकेतों के बारे में , जिन पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें: Chanakya Niti: ये 4 चीजें कभी उधार नहीं रखती औरत
नसों की कमजोरी (Venous Insufficiency)
जब पैरों की नसें खून को सही तरीके से दिल तक वापस नहीं भेज पातीं, तो खून नीचे जमा हो जाता है। इससे पैरों में भारीपन, सूजन और दर्द, त्वचा का रंग गहरा पड़ना जैसी दिक्कत आ सकती है। यह समस्या लंबे समय तक खड़े रहने वालों में ज्यादा होती है।
वैरिकोज वेन्स (Varicose Veins)
यह स्थिति तब होती है जब नसें फूलकर उभर जाती हैं और उनमें ब्लड फ्लो धीमा हो जाता है। इससे नसें नीले या बैंगनी दिखने लगती है। खुजली या जलन हो सकती है, रात में सूजन बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें: रोज रात 3 बजे क्यों खुल जाती है नींद? जानिए इसके पीछे का रहस्य
दिल से जुड़ी समस्या (Heart-related Issues)
अगर दिल सही से खून पंप नहीं कर पाता, तो शरीर में फ्लूइड जमा होने लगता है खासकर पैरों में। इससे सांस फूलने लगती है, जल्दी थकान होने लगती है। पैरों और टखनों में सूजन हो सकती है। यह एक गंभीर संकेत हो सकता है, तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
किडनी की समस्या (Kidney Issues)
किडनी शरीर से अतिरिक्त पानी और नमक बाहर निकालती है। जब यह ठीक से काम नहीं करती, तो सूजन हो सकती है। इससे चेहरे और आंखों के आसपास सूजन हो सकती है। पेशाब में बदलाव आने लगता है शरीर में पानी रुकने लगता है ।
लसीका तंत्र की समस्या (Lymphedema)
जब लसीका (lymph) फ्लूइड का ड्रेनेज सही से नहीं होता, तो पैरों में सूजन स्थायी हो सकती है। इससे एक या दोनों पैरों में लगातार सूजन होने लगती है। त्वचा मोटी या टाइट लगने लगती है। दबाने पर गड्ढा पड़ने लगता है ।
बचाव और घरेलू उपाय
-दिन में 2–3 बार पैरों को ऊंचा रखें
-लंबे समय तक एक ही स्थिति में न रहें
- रोजाना हल्की एक्सरसाइज या वॉक करें
- ज्यादा नमक खाने से बचें
- आरामदायक जूते पहनें
कब डॉक्टर के पास जाएं?
अचानक बहुत ज्यादा सूजन, दर्द या लालिमा, सांस लेने में दिक्कत हो ताे तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। रात में पैरों का सूजना एक आम समस्या हो सकती है, लेकिन बार-बार होने पर यह शरीर के अंदर चल रही किसी गंभीर समस्या का संकेत भी हो सकता है। इसलिए इसे नजरअंदाज न करें और समय रहते जांच जरूर करवाएं।

