शादी में सफेद साड़ी पहनना पड़ा भारी– लोग बोले: ये हमारी संस्कृति का अपमान है

punjabkesari.in Saturday, Apr 12, 2025 - 04:42 PM (IST)

नारी डेस्क: शादी भारतीय संस्कृति का एक अहम हिस्सा होती है, जहां पहनावे से लेकर हर रस्म-रिवाज खास मायने रखता है। यही कारण है कि दुल्हन के कपड़ों को लेकर भी लोग बेहद भावुक होते हैं। परंपरागत रूप से भारत में दुल्हनें शादी में लाल, गुलाबी या अन्य चटक रंग पहनती हैं, जबकि सफेद रंग को आमतौर पर विधवा या शोक के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। ऐसे में जब एक भारतीय लड़की ने शादी के दिन सफेद साड़ी पहन ली, तो सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया।

विदेश में हुई शादी, फिर भी छिड़ गई बहस

दक्षिण भारत की रहने वाली तनिका डिसूजा ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई के दौरान मिले अपने प्रेमी जेमी एरिंगटन से शादी की। दोनों की मुलाकात मेलबर्न यूनिवर्सिटी में हुई थी और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। 2024 में उन्होंने इटली में डेस्टिनेशन वेडिंग की।

तनिका ने इस शादी के लिए कुछ हटकर करने की सोची और भारतीय परंपरा और वेस्टर्न स्टाइल का मेल दिखाते हुए डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी की एक खास सफेद साड़ी को अपने ब्राइडल अटायर के रूप में चुना। हालांकि इस यूनिक स्टाइल ने जहां कुछ लोगों को इंप्रेस किया, वहीं कुछ इसे भारतीय संस्कृति का अपमान मान बैठे।

PunjabKesari

कैसी थी सफेद ब्राइडल साड़ी?

तनिका ने जो सफेद साड़ी पहनी थी, वह बेहद खास थी। साड़ी में हाथ की बारीक कढ़ाई, नक्सी का काम, कट-दाना बॉर्डर और ट्रांसपेरेंट फैब्रिक था, जिससे यह साड़ी रॉयल लग रही थी। निचले हिस्से में फिशटेल कट स्टाइल दिया गया था, जो तनिका के फिगर को और भी खूबसूरती से उभार रहा था।

उन्होंने इस साड़ी को फुल स्लीव्स वाले ब्लाउज के साथ पहना था, जो गाउन की तरह ग्लव्स स्टाइल में दिख रहा था। ब्लाउज पर फूलों और पत्तियों की कढ़ाई थी। इसके साथ उन्होंने शाइनी घूंघट, डायमंड इयररिंग्स, सगाई की अंगूठी और न्यूड मेकअप लुक चुना था।

बनीं इंडो-वेस्टर्न दुल्हन, फिर भी हुए ट्रोल

हालांकि तनिका की ये ब्राइडल स्टाइल काफी यूनिक और एलिगेंट थी, लेकिन सोशल मीडिया पर जैसे ही उनकी तस्वीरें वायरल हुईं, लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।

ये भी पढ़ें: नीता अंबानी की साड़ी बनाने में कारीगरों को लगे इतने दिन, आखिर क्या है ऐसा खास?

एक यूजर ने कमेंट किया –

"ये दुल्हन नहीं, विधवा लग रही है। भारतीय शादी में सफेद पहनना अशुभ माना जाता है।"

एक अन्य ने लिखा –

"दूल्हे के कपड़े इससे बेहतर हैं, शादी में इतनी सूनी साड़ी क्यों पहनी?"

हालांकि कुछ लोगों ने तनिका की खूबसूरती और आत्मविश्वास की तारीफ भी की और लिखा कि –

"वो अपने अंदाज़ में सबसे अलग और ग्रेसफुल लग रही हैं।"

PunjabKesari

संस्कृति बनाम आधुनिकता की बहस

इस पूरी घटना ने फिर से परंपरा और आधुनिक सोच के बीच बहस को हवा दे दी है। जहां कुछ लोग मानते हैं कि शादी जैसे खास मौके पर परंपरा का पालन जरूरी है, वहीं कुछ का कहना है कि फैशन और स्टाइल एक पर्सनल चॉइस है और हर इंसान को अपनी खुशी के अनुसार कपड़े पहनने का अधिकार है।

तनिका डिसूजा की सफेद साड़ी वाली वेडिंग ने दिखा दिया कि आज भी समाज में कपड़ों को लेकर बहुत सारी धारणाएं और भावनाएं जुड़ी होती हैं। हालांकि हर कोई अपनी सोच और पसंद के अनुसार फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन समाज की अपेक्षाएं और आलोचनाएं उससे जुड़ी रहती हैं।

आप क्या सोचते हैं – क्या शादी में सफेद साड़ी पहनना गलत है या फिर ये केवल एक फैशन स्टेटमेंट है?
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static