"सनम तेरी कसम" की सरू बनी दुल्हन, मावरा होकेन ने अमीर गिलानी संग रचाई शादी!
punjabkesari.in Thursday, Feb 06, 2025 - 11:31 AM (IST)
नारी डेस्क: पाकिस्तानी एक्ट्रेस मावरा होकेन ने 5 फरवरी को अपने को-स्टार अमीर गिलानी से शादी रचा ली। यह खबर तब सामने आई जब दोनों ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की तस्वीरें शेयर कीं। फैंस के लिए यह एक सरप्राइज था, लेकिन उनकी खूबसूरत तस्वीरों ने सभी का दिल जीत लिया। खासकर मावरा के मेहंदी से सजे हाथ सबसे ज्यादा चर्चा में हैं।
फिल्म की री-रिलीज से पहले रचाई शादी
मावरा को बॉलीवुड फिल्म "सनम तेरी कसम" में उनके किरदार "सरू" के लिए काफी पसंद किया गया था। इस फिल्म का पहला भाग हिट होने के बाद 7 फरवरी को इसे फिर से रिलीज किया जाना था, लेकिन उससे ठीक दो दिन पहले ही 5 फरवरी को उन्होंने शादी कर ली।
मेहंदी भरे हाथों से संभाले जज्बात
मावरा की शादी की सबसे खास बात उनके हाथों की भरपूर मेहंदी रही। जहां आजकल बॉलीवुड और पाकिस्तानी एक्ट्रेसेस मिनिमल मेहंदी का ट्रेंड फॉलो कर रही हैं, वहीं मावरा ने इस ट्रेंड को पीछे छोड़ते हुए कोहनी तक फैला हुआ हेवी मेहंदी डिजाइन चुना। उनकी मेहंदी को देखकर ऐसा लग रहा था मानो वह इस ट्रेंड को फिर से वापस ला रही हों।
एक तस्वीर में मावरा अपने मेहंदी भरे हाथों से अपनी मां का हाथ थामे दिखीं, जबकि दूसरे हाथ से अपने आंसू पोंछते हुए नजर आईं। उनकी इस फोटो ने सभी का दिल छू लिया।
हथेली पर बारीक और खूबसूरत मेहंदी
मावरा ने अपनी हथेलियों पर बारीक और खूबसूरत मेहंदी डिजाइन बनवाया था, जिसमें फूल-पत्तियां और बेल जैसी आकृतियां उकेरी गई थीं। खासकर उनकी कलाई और उंगलियों पर बनी डिजाइनों ने उनकी मेहंदी को और भी शानदार बना दिया। उनके मेहंदी डिजाइन का सबसे खास हिस्सा आखिरी भाग में बने दो पौधे और फूल थे, जो एक नई शुरुआत का प्रतीक लग रहे थे।
शादी की अंगूठी के साथ मेहंदी का खूबसूरत मेल
मावरा की शादी की तस्वीरों में उनकी शादी की अंगूठी भी काफी आकर्षण का केंद्र बनी रही। एक फोटो में वह अपने पति अमीर गिलानी का हाथ थामे नजर आईं, जिसमें उनके हाथों पर बना गोलाकार मेहंदी डिजाइन बेहद खूबसूरत लग रहा था। फैंस ने इस तस्वीर को देखकर उन्हें बधाइयां दीं और कुछ ने तो इसे मजाकिया अंदाज में "मावरा अमीर हो गईं" कहकर ट्रेंडिंग हैशटैग से जोड़ दिया।
फैंस की ओर से खूब प्यार
मावरा की शादी की तस्वीरें इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही हैं और फैंस उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। उनकी शादी का यह खास अंदाज और भरपूर मेहंदी डिजाइन लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
(नोट: यह खबर मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है।)