शादी से पहले कुंडली मिलान में इन दोषों का रखें खास ध्यान, वरना रिश्ते में आ सकती है परेशानी
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 04:13 PM (IST)
नारी डेस्क: हिंदू धर्म में विवाह से पहले कुंडली मिलान को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। शादी सिर्फ दो लोगों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन होता है। इसलिए अष्टकूट मिलान के जरिए लड़का और लड़की के स्वभाव, स्वास्थ्य, भविष्य और आपसी तालमेल को परखा जाता है। हालांकि, इस मिलान में कुछ ऐसे दोष होते हैं जिन्हें नजरअंदाज करना आगे चलकर परेशानी का कारण बन सकता है।
भकूट दोष: रिश्ते पर पड़ सकता है असर
भकूट दोष कुंडली मिलान का एक अहम हिस्सा है। यह तब बनता है जब लड़का और लड़की की राशियों के बीच 2-12, 5-9 या 6-8 का संबंध होता है। माना जाता है कि इस दोष के कारण शादी के बाद आर्थिक समस्याएं आ सकती हैं। इसके अलावा पति-पत्नी के बीच भावनात्मक दूरी और संतान से जुड़ी दिक्कतें भी हो सकती हैं।

नाड़ी दोष: सबसे प्रभावशाली माना जाता है
नाड़ी दोष को कुंडली मिलान का सबसे गंभीर दोष माना जाता है। यह तब बनता है जब दोनों की नाड़ी एक जैसी होती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इसका असर पति-पत्नी के स्वास्थ्य और उनकी आने वाली संतान पर पड़ सकता है। यही वजह है कि शादी से पहले इस दोष की जांच को बहुत जरूरी माना जाता है।
ये भी पढ़ें: भगवान शिव का पिनाक धनुष जिसे कोई छू भी नहीं सकता था, कैसे राम ने तोड़कर बदल दी पूरी रामायण
गण दोष: स्वभाव का टकराव बढ़ा सकता है
गण दोष व्यक्ति के स्वभाव और व्यवहार से जुड़ा होता है। इसमें लोगों को देव, मनुष्य और राक्षस गण में बांटा जाता है। अगर लड़का और लड़की के गण एक-दूसरे के अनुकूल नहीं होते, तो शादी के बाद उनके बीच विचारों का टकराव हो सकता है। इससे रिश्ते में तनाव और समझ की कमी देखने को मिलती है।

मांगलिक दोष: वैवाहिक जीवन पर असर
इन तीन दोषों के अलावा मांगलिक दोष भी बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह दोष ग्रहों की स्थिति के आधार पर बनता है। मान्यता है कि अगर यह दोष हो, तो वैवाहिक जीवन में बाधाएं, तनाव या अस्थिरता आ सकती है। इसलिए इसे भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कुंडली मिलान का उद्देश्य सिर्फ दोष ढूंढना नहीं, बल्कि एक सुखी और सफल वैवाहिक जीवन सुनिश्चित करना होता है। इसलिए शादी से पहले इन दोषों की सही जानकारी और विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की समस्या से बचा जा सके।

