अलविदा मेरे भाई, तुम पहले चले गए... इस खास इंसान के जाने से टूट गए सलमान खान
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 08:55 AM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने रविवार रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सुशील कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। सुशील कुमार 42 साल से उनके भाई जैसे दोस्त थे। भावुक हुए इस अभिनेता ने अपने दोस्त की याद में एक दिल को छू लेने वाला नोट लिखा। उन्होंने लिखा- "यह इंसान 42 साल से मेरा भाई रहा है। सबसे अच्छा, सबसे दयालु और सबसे मददगार। भले ही वह खुद मुश्किल में होता, फिर भी हमेशा मुस्कुराता, नाचता रहता था। सबसे बुरे हालात में भी उसे कोई दर्द या तनाव नहीं होता था। चाहे वह आर्थिक, भावनात्मक या शारीरिक परेशानी हो, वह हमेशा कहता था कि 'कोई फ़र्क नहीं पड़ता, सब ठीक हो जाएगा'।"

सलमान ने आगे लिखा- "सुशील कुमार उसका नाम है, या कम से कम 5 मिनट पहले तक उसका नाम यही था। अलविदा भाई, तुम एक मर्द की तरह जिए और मौत से एक हैवीवेट चैंपियन की तरह लड़े। तुम्हारे लिए कोई आंसू नहीं भाई, बस यादें और हंसी।" अभिनेता ने आगे कहा, -"मेरा भाई चेहरे पर मुस्कान लिए दुनिया से गया। क्या बात है भाई! कोई पहले जाता है, कोई बाद में; हम सबको एक दिन जाना ही है। पता नहीं कब और कैसे, इसलिए कुछ ऐसा करके जाओ कि लोग तुम्हें याद रखें। अब अपनी सिगरेट और व्हिस्की का मज़ा लो। चीयर्स भाई! लगता है मुझे तुम्हारी बहुत याद आएगी।" सलमान ने सुशील की कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें वह सलमान और उनके दिग्गज पिता सलीम खान के साथ नज़र आ रहे हैं।

हालांकि सलमान खान और दिवंगत सुशील कुमार के बीच रिश्ते की सटीक जानकारी नहीं है, लेकिन सुपरस्टार के कैप्शन को देखकर ऐसा लगता है कि सुशील कुमार पूरे खान परिवार के बहुत करीब थे। सलमान खान की बात करें तो, अभिनेता फिलहाल अपनी अगली फ़िल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की तैयारी में जुटे हैं। एक्टर अपने प्रोडक्शन बैनर 'सलमान खान फ़िल्म्स' के तहत सलमा खान द्वारा निर्मित इस प्रोजेक्ट का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। इस फ़िल्म में चित्रांगदा सिंह मुख्य अभिनेत्री के तौर पर नज़र आएंगी।

