सोनम की जमानत मिलने से नाराज राजा रघुवंशी का परिवार, मां बोली- मेरा बस चले मैं उसे मार दूं

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 11:48 AM (IST)

नारी डेस्क:  इंदौर के रहने वाले मृतक राजा रघुवंशी के परिवार ने यह जानना चाहा है कि मेघालय की एक अदालत ने उनकी पत्नी सोनम को ज़मानत कैसे दे दी, जबकि उस पर राजा की हत्या का "मास्टरमाइंड" होने का आरोप है। परिवार ने इस मामले में CBI जांच की भी मांग की है। न्याय की गुहार लगाते हुए, रघुवंशी के परिवार वालों ने मंगलवार को कहा कि वे निचली अदालत द्वारा सोनम को ज़मानत देने के फैसले के खिलाफ मेघालय हाई कोर्ट में अपील करेंगे।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Nari (@nari.kesari1)


ट्रांसपोर्ट व्यवसायी राजा रघुवंशी पिछले साल 23 मई को अपने हनीमून के दौरान लापता हो गए थे, और 2 जून को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स ज़िले के सोहरा इलाके में एक झरने के पास गहरी खाई से उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। इस मामले में सोनम और उसके कथित बॉयफ्रेंड समेत कई अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मेघालय की एक अदालत ने मंगलवार को सोनम को ज़मानत दे दी। इस फैसले  राजा की मां का दिल टूट गया, उनका  गला भावनाओं से भर गया था।  उन्होंने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि उनके बेटे की हत्या की "मास्टरमाइंड" होने के बावजूद सोनम को ज़मानत कैसे मिल गई।


उमा रघुवंशी ने कहा-  "मेघालय पुलिस ने पिछले नौ महीनों में इस मामले की गहन जांच की, लेकिन हमारी समझ से परे है कि एक या दो महीने में अचानक पूरा खेल कैसे बदल गया।" उन्होंने आगे कहा- "हम सरकार से सिर्फ एक ही मांग करते हैं - मेरे बेकसूर बेटे के लिए न्याय, जिसकी हत्या कर दी गई। मैं चाहती हूं कि इस मामले की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (CBI) द्वारा की जाए।" उन्होंने कहा-"आज हमें महसूस हुआ कि कानून सच में अंधा है। अगर सोनम मेरे सामने आएगी तो मैं चाहती हूं कि मैं उसको खुद मार डालूं, मैंने सोचा नहीं था कि सोनम जमानत पर बाहर आ सकती है."। 


राजा के बड़े भाई, विपिन रघुवंशी ने कहा कि उनका परिवार निचली अदालत द्वारा सोनम को ज़मानत देने के फैसले को मेघालय हाई कोर्ट में चुनौती देगा। उन्होंने कहा- "अदालत में सोनम की ज़मानत याचिका पर बहस करते हुए, उसके वकील ने मुख्य रूप से इस बात पर ज़ोर दिया कि मेघालय पुलिस ने उसे उसकी गिरफ्तारी के विशिष्ट कारणों के बारे में ठीक से सूचित नहीं किया, जो कि कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन है।" विपिन को जांच में "हेरफेर" का शक है; उनका कहना है कि अभियोजन पक्ष ने उन्हें अभी तक चार्जशीट की कॉपी नहीं दी है, और न ही उन्हें इसे ठीक से देखने का मौका मिला है। सोनम को 9 जून, 2025 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में गिरफ्तार किया गया था। वह 10 महीने से भी ज़्यादा समय तक शिलांग ज़िला जेल में न्यायिक हिरासत में रही। पिछले साल सितंबर में, मेघालय पुलिस ने 790 पन्नों की एक चार्जशीट पेश की, जिसमें सोनम और उसके कथित बॉयफ्रेंड राज कुशवाह समेत आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static