जब सदन में बाेले रवि किशन- मैं अपनी पत्नी के रोज छूता हैं पैर, सभी को करना चाहिए ऐसा
punjabkesari.in Friday, Apr 17, 2026 - 07:28 PM (IST)
नारी डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और अभिनेता रवि किशन ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि वह अपनी पत्नी के पैर छूते हैं क्योंकि संघर्ष के दिनों में वह उनके साथ खड़ी रहीं। उनकी यह बात सुन सदन में ठहाके लगे। गोरखपुर से लोकसभा सदस्य ने महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित विधेयकों पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को भी अपनी पत्नियों के पैर छूने चाहिए और यदि वे ऐसा करेंगे तभी 'रवि किशन' बनेंगे और दुनिया उन्हें जानेगी।

एक्टर से नेता बने रवि किशन ने कहा- ''मुझे लाखों वोट मिलता है। उसमें एक-डेढ़ लाख मेरी धर्मपत्नी लाती हैं। मैं उनके पैर छूता हूं...पैर क्यों नहीं छूना चाहिए। जब मैं सिनेमा में संघर्ष कर रहा था तो उन्होंने गरीबी में मेरा साथ दिया। मैं उनके पैर क्यों नहीं छूऊंगा?'' उन्होंने कहा- ''मेरी पत्नी पैर नहीं छूने देती हैं, लेकिन जब वह गहरी नींद में होती हैं तब मैं पैर छूता हूं। विरोधियों को भी छूना चाहिए। तभी वे रवि किशन बनेंगे और दुनिया जानेगी।''

रवि किशन ने कहा- 'विरोधियों को भी छूना चाहिए, तभी वे रवि किशन बनेंगे और दुनिया जानेगी'। भाषण के दौरान उन्होंने अपने बचपन की गरीबी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके गांव में न चूल्हा था, न शौचालय, और महिलाओं को अंधेरा होने का इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं से महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया । रविकिशन ने महिला आरक्षण को 33 प्रतिशत तक लागू करने और परिसीमन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की।

