राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार से सम्मानित हुई रानी मुखर्जी, मंच पर हुई भावुक
punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 03:56 PM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी को महाराष्ट्र सरकार ने भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और महाराष्ट्र के साथ उनके लंबे जुड़ाव के लिए ‘राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार' से सम्मानित किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 62वें महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह में मुखर्जी को यह सम्मान दिया। यह सम्मान मिलने पर 48 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा- 'मेरे लिए महाराष्ट्र सिर्फ एक राज्य नहीं है। महाराष्ट्र मेरी जन्मभूमि है, मेरी कर्मभूमि है और मेरी जिंदगी का एक अहम हिस्सा है।'
उन्होंने यह भी कहा- 'सिनेमा मेरे लिए एक गहरी भावना है और महाराष्ट्र उस भावना का घर है। यह पुरस्कार मेरे लिए इसलिए भी खास है क्योंकि यह मेरे अपने लोगों और उस जगह से मिला है जिससे मैं गहराई से जुड़ी हुई हूं।' मुंबई में जन्मी और पली-बढ़ीं मुखर्जी ने लगभग तीन दशक के अपने फिल्मी करियर में 'ब्लैक', 'नो वन किल्ड जेसिका', 'हिचकी', 'मर्दानी' और 'मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे' जैसी कई फिल्मों में शानदार भूमिकाएं निभाई हैं।

रानी ने बताया कि उन्होंने हमेशा ऐसी कहानियां और किरदार चुने हैं जिनमें उन्हें सच्चाई और हिम्मत नजर आती है। उन्होंने स्क्रीन पर मजबूत महिलाओं को दिखाने की अपनी कोशिशों का जिक्र करते हुए कहा कि वह हमेशा ऐसी महिलाओं की ओर आकर्षित रही हैं जो खुद को बचाने के लिए किसी और का इंतजार नहीं करतीं। उन्होंने यह पुरस्कार महाराष्ट्र के कलाकारों, टेक्नीशियनों, फिल्म निर्माताओं और पूरी फिल्म बिरादरी को समर्पित किया और कहा कि इस राज्य ने पीढि़यों से भारतीय सिनेमा को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है। मुखर्जी ने कहा- 'जब भी मैं इस पुरस्कार को देखूंगी, तो मुझे सिर्फ एक पुरस्कार नहीं दिखेगा। मुझे अपना मुंबई, अपना महाराष्ट्र दिखेगा।

