“मशहूर अभिनेता के लिए मसीहा बनीं रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा, बढ़ाया इंसानियत का हाथ
punjabkesari.in Thursday, Oct 30, 2025 - 10:44 AM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर सुधीर दलवी, जिन्हें लोगों ने ‘शिरडी के साईं बाबा’ के रूप में हमेशा याद किया, इन दिनों क्रिटिकल कंडीशन में हैं। 8 अक्टूबर से वे लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं और सीवियर सेप्सिस (Severe Sepsis) नामक गंभीर संक्रमण से जूझ रहे हैं। इस बीच, जब सुधीर दलवी के परिवार ने आर्थिक मदद की अपील की, तो रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा साहनी कपूर उनके लिए मसीहा बनकर सामने आईं।
सुधीर दलवी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में चल रहा इलाज
78 वर्षीय सुधीर दलवी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे, लेकिन 8 अक्टूबर को उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें सीवियर सेप्सिस, यानी शरीर में संक्रमण फैलने की गंभीर बीमारी हो गई है। इलाज का खर्च लगातार बढ़ने से परिवार को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक उनके इलाज पर 10 लाख रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं, जबकि परिवार ने सोशल मीडिया के ज़रिए 15 लाख रुपये की मदद की अपील की थी।
रिद्धिमा साहनी कपूर ने बढ़ाया मदद का हाथ
जब रिद्धिमा साहनी कपूर को सुधीर दलवी के इलाज के लिए मदद की अपील दिखाई दी, तो उन्होंने तुरंत इंसानियत दिखाते हुए आर्थिक मदद भेजी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, डन… जल्दी ठीक हो जाइए सर।” उनके इस कदम की हर तरफ तारीफ हो रही है। लोगों ने रिद्धिमा की दरियादिली को सलाम किया और कहा कि ऐसे उदाहरण समाज में उम्मीद जगाते हैं।

ट्रोलिंग पर दिया सटीक जवाब
हालांकि, कुछ लोगों ने रिद्धिमा को ट्रोल करते हुए कहा कि मदद करने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट करना दिखावा है। इस पर रिद्धिमा ने शालीनता से जवाब देते हुए लिखा “जिंदगी सिर्फ दिखावे पर नहीं टिकी होती। किसी की मदद करना चाहे छोटी हो या बड़ी, सबसे बड़ा आशीर्वाद होता है।” उनकी ये बात सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है और लोग उनके जवाब की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
‘साईं बाबा’ से ‘चांदनी’ तक सुधीर दलवी का शानदार करियर
सुधीर दलवी ने 1977 में आई मनोज कुमार की फिल्म ‘शिरडी के साईं बाबा’ में साईं बाबा का किरदार निभाया था। इस किरदार ने उन्हें हर घर में पहचान दिलाई। इसके बाद वे ‘चांदनी’ (1989), ‘जुनून’ (1978) और ‘एक्सक्यूज मी’ (2003) जैसी फिल्मों में भी नज़र आए। टीवी की दुनिया में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई। उन्हें आखिरी बार 2006 में प्रसारित हुए सीरियल ‘वो हुए ना हमारे’ में देखा गया था। उनकी अदाकारी में सादगी और गहराई का अनोखा मेल देखने को मिलता था।
फैंस और फिल्म इंडस्ट्री कर रहे दुआएं
रिद्धिमा कपूर के इस नेक कदम के बाद फिल्म जगत के कई कलाकार भी सुधीर दलवी की मदद के लिए आगे आने लगे हैं। फैंस सोशल मीडिया पर लगातार उनकी सेहत के लिए दुआ कर रहे हैं। हर कोई यही चाहता है कि ‘साईं बाबा’ फेम सुधीर दलवी जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें और एक बार फिर मुस्कान के साथ स्क्रीन पर दिखें।

