"जितना हिंदुओं का भारत है, उतना ही मुसलमानों का भी" -राखी सावंत ने पहलगाम हमले पर दिया भावुक बयान
punjabkesari.in Monday, Apr 28, 2025 - 11:05 AM (IST)

नारी डेस्क: हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 28 निर्दोष लोगों की जान चली गई। इस घटना से पूरे देश में शोक और गुस्से का माहौल है। आम जनता से लेकर फिल्मी सितारे तक, सभी इस दुखद घटना पर अपनी भावनाएं ज़ाहिर कर रहे हैं। पहले सुनील शेट्टी ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी, और अब राखी सावंत का एक भावुक वीडियो सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बुर्का पहनकर वीडियो में दी शांति और एकता की अपील
राखी सावंत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह बुर्का पहने हुए नजर आ रही हैं। वीडियो की शुरुआत में राखी ने कहा- "सलाम वालेकुम सभी को, नमस्ते, जय भारत, जय भीम, जय हिंदुस्तान, भारत माता की जय। हम सब एक हैं।" राखी ने साफ तौर पर कहा कि भारत जितना हिंदुओं का है, उतना ही मुसलमानों का भी है। उन्होंने लोगों से हिंदू-मुस्लिम के नाम पर नफरत फैलाने से बचने की अपील की और कहा कि खुदा को भी दुख होता होगा जब उसके बनाए बच्चे आपस में लड़ते हैं।
कश्मीर को बताया स्वर्ग, वेकेशन वहीं मनाने की कही बात
राखी ने अपने वीडियो में कश्मीर को "टूरिज्म का स्वर्ग" बताया और कहा कि अब हमें अपना अगला वेकेशन कश्मीर में ही मनाना चाहिए। उन्होंने कहा
"कश्मीर हमारा है, कश्मीर के लोग हमारे अपने हैं। अब हम इंडिया के बाहर नहीं जाएंगे, सिर्फ कश्मीर जाएंगे।" उन्होंने लोगों को कश्मीर जाकर वहां की खूबसूरती देखने और वहां के लोगों को अपनाने की बात कही।
शहीदों को दी श्रद्धांजलि, देशवासियों से मांगा साथ
राखी सावंत ने वीडियो में शहीदों को याद करते हुए कहा कि जो लोग हमारी रक्षा करते हुए शहीद हुए, उन्हें हम कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा-"क्या आप मेरा साथ देंगे? मैं कश्मीर जाऊंगी। अब हमारी बारी है कश्मीर को अपनाने की। पूरा बॉलीवुड भी वहां जाना चाहिए।" राखी का यह जज्बा देखकर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।
लोगों को छू रहा है राखी का वीडियो
राखी सावंत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। कुछ लोग इसे दिखावा कह रहे हैं, लेकिन बहुत से लोग इसे देश की एकता और भाईचारे का संदेश मान रहे हैं। राखी का यह भावुक और सच्चा संदेश आज लोगों के दिलों को छू रहा है।